Top
Begin typing your search above and press enter to search.

Raipur City Crime : 60 लाख की चोरी का 48 घंटे में खुलासा, CCTV से पकड़े गए दो आरोपी, सोना-चांदी और कैश बरामद

आमानाका के अरिहंत कॉम्प्लेक्स में सूने मकान का ताला तोड़कर की थी चोरी, हजारों CCTV फुटेज खंगालने के बाद पुलिस ने आरोपियों को दबोचा; पूरी मशरूका और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद

Raipur City Crime : 60 लाख की चोरी का 48 घंटे में खुलासा, CCTV से पकड़े गए दो आरोपी, सोना-चांदी और कैश बरामद
X

Raipur City Crime : रायपुर। राजधानी रायपुर के आमानाका थाना क्षेत्र में सूने मकान को निशाना बनाकर की गई करीब 60 लाख रुपये की चोरी का पुलिस ने महज 48 घंटे में खुलासा कर दिया। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और आमानाका थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात और नगदी समेत वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की है।

मामला सरोना स्थित अरिहंत कॉम्प्लेक्स का है। पुलिस के मुताबिक, मकान मालिक रवि कान्त गुप्ता 28 जुलाई को परिवार के साथ घर से बाहर गए थे। इसी दौरान आरोपियों ने सूने मकान का ताला तोड़ा और अंदर घुसकर आलमारी का लॉकर भी तोड़ दिया। इसके बाद जेवरात, नगदी और अन्य सामान लेकर फरार हो गए। शिकायत मिलने पर आमानाका पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे हजारों CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गतिविधियों का तकनीकी विश्लेषण किया गया। पुलिस ने पुराने चोरी के मामलों में शामिल आरोपियों और हाल ही में जेल से बाहर आए संदिग्धों की गतिविधियों पर भी नजर रखी। CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों से मिले सुरागों के आधार पर पुलिस करण तांडी उर्फ केडे और लक्ष्मी नारायण गोस्वामी उर्फ मोंटी तक पहुंची।

पुलिस के अनुसार, शुरुआत में दोनों आरोपियों ने वारदात में शामिल होने से इनकार करते हुए पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। हालांकि साक्ष्यों के आधार पर पूछताछ के बाद दोनों ने चोरी की बात स्वीकार कर ली। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने सोने-चांदी के जेवरात और नगदी सहित करीब 60 लाख रुपये की मशरूका बरामद की। वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।

दोनों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड

जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी पहले भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं। वहीं आरोपी लक्ष्मी नारायण गोस्वामी उर्फ मोंटी के खिलाफ पंडरी थाना क्षेत्र में AC के कॉपर वायर चोरी का एक अन्य मामला भी दर्ज है, जिसमें वह फरार चल रहा था। पुलिस अब दोनों आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य चोरी की घटनाओं में उनकी संभावित भूमिका की जांच कर रही है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire