Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर

Raigarh Double Murder : 10 माह की बच्ची और मां की हत्या का खुलासा, 65 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार

लैलूंगा के छापरपानी में सनसनीखेज वारदात का पर्दाफाश, दुष्कर्म के बाद मां-बेटी की हत्या का आरोप; पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा.

Raigarh Double Murder : 10 माह की बच्ची और मां की हत्या का खुलासा, 65 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार
X

Raigarh Double Murde : रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र के छापरपानी गांव में मां और उसकी 10 माह की मासूम बच्ची की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस सनसनीखेज वारदात के आरोप में 65 वर्षीय भिखारीराम नागवंशी को गिरफ्तार किया है। जांच में आरोपी पर महिला के साथ दुष्कर्म करने और विरोध करने पर मां-बेटी की हत्या करने का आरोप सामने आया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

घटना 15 जुलाई की रात की बताई जा रही है। अगले दिन 16 जुलाई को महिला के परिजनों ने पुलिस को सूचना दी थी। महिला अपने पति की मृत्यु के बाद मानसिक रूप से अस्वस्थ रहती थी और अपनी 10 माह की बेटी के साथ ग्राम छापरपानी में प्रहलाद बेहरा के खेत स्थित एक बोर मकान में रह रही थी। सुबह महिला गंभीर हालत में मिली, जबकि उसकी मासूम बेटी की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। महिला को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने भी दम तोड़ दिया।

सुनसान जगह होने से जांच बनी चुनौती

घटनास्थल सुनसान इलाके में होने के कारण पुलिस के सामने आरोपी तक पहुंचना बड़ी चुनौती थी। मामले में कोई प्रत्यक्षदर्शी भी नहीं मिला था। सूचना के बाद एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम, एफएसएल और डॉग स्क्वॉड ने मौके का निरीक्षण किया और कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने मामले की लगातार मॉनिटरिंग की। थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव ने टीम के साथ गांव में कैंप लगाकर ग्रामीणों से पूछताछ की और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाई।

पूछताछ में आरोपी तक पहुंची पुलिस

जांच के दौरान पुलिस को ग्राम कोड़ासिया निवासी भिखारीराम नागवंशी के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। पुलिस ने उससे पूछताछ की। उसके हाथ में चोट का निशान भी मिला था, हालांकि शुरुआती पूछताछ में उसने घटना में शामिल होने से इनकार कर दिया। पुलिस के मुताबिक वैज्ञानिक साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई। इसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर अपराध स्वीकार कर लिया।

महिला के विरोध के बाद हत्या का आरोप

पुलिस के अनुसार, आरोपी 15 जुलाई की रात खेत स्थित मकान में पहुंचा था, जहां महिला अपनी बच्ची के साथ सो रही थी। आरोपी ने महिला के साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की। महिला के विरोध करने पर आरोपी ने कथित तौर पर ईंट से उसके सिर और चेहरे पर हमला कर दिया। महिला के बेहोश होने के बाद आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। इसी दौरान बच्ची के रोने पर आरोपी ने उसे भी निशाना बनाया, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी वहां से निकल गया और घटना के समय पहने कपड़े को बदलकर छिपा दिया।

खून के निशान वाली धोती बरामद

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना के समय पहनी गई धोती बरामद की है, जिस पर खून के निशान मिलने की बात कही गई है। मामले में हत्या के साथ दुष्कर्म से संबंधित धाराएं 64 और 66 BNS भी जोड़ी गई हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire