CG Crime: शराब माफियाओं पर पुलिस का बड़ा वार, 53 पेटी अवैध शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

CG Crime : धमतरी। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 53 पेटी शराब की खेप जब्त की है। थाना अर्जुनी पुलिस ने ग्राम धौराभाठा में दबिश देकर करीब 458 लीटर (2544 पौवा) अवैध शराब बरामद की, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत ₹2,23,680 बताई गई है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह सफलता मिली। मुखबिर से मिली सूचना के बाद थाना प्रभारी अर्जुनी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम धौराभाठा में घेराबंदी कर कार्रवाई की।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान खिलानंद साहू उर्फ गोलू (33 वर्ष) पिता ईश्वर साहू तथा कमलेश साहू (32 वर्ष) पिता कोमल साहू, दोनों निवासी ग्राम धौराभाठा, थाना अर्जुनी, जिला धमतरी के रूप में हुई है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना अर्जुनी में आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और अब इस अवैध शराब की सप्लाई चेन, परिवहन, भंडारण और वितरण से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


