Top
Begin typing your search above and press enter to search.

CG Crime : डकैती की बड़ी साजिश नाकाम, पुलिस ने 5 आरोपियों को हथियारों के साथ दबोचा

करही के सत्या मेडिकल एवं किराना दुकान में डकैती की थी योजना, दो बाइक समेत एयर गन, लोहे के हथियार और 4 कुदाली बरामद; सभी आरोपी न्यायिक रिमांड पर भेजे गए

CG Crime : डकैती की बड़ी साजिश नाकाम, पुलिस ने 5 आरोपियों को हथियारों के साथ दबोचा
X

CG Crime : जांजगीर-चांपा। जिले के बिर्रा थाना क्षेत्र में पुलिस ने डकैती की एक बड़ी साजिश को वारदात से पहले ही नाकाम कर दिया। पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचना और रात्रि गश्त के दौरान निगरानी के आधार पर घेराबंदी कर पांच संदिग्ध आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी करही स्थित सत्या मेडिकल एवं किराना दुकान में डकैती की योजना बना रहे थे। पुलिस ने वारदात को अंजाम देने से पहले ही सभी आरोपियों को पकड़ लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। सूचना की पुष्टि के बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर कार्रवाई की।

गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से दो मोटरसाइकिल और डकैती में इस्तेमाल किए जाने वाले हथियार बरामद किए गए हैं। पुलिस ने दो लोहे के पैरा/कटिया, एक एयर गन और चार कुदाली जब्त की हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजकुमार कर्ष, जितेंद्र साहू, राजेंद्र उर्फ राजा साहू, रंजीत साहू और भीम साथी के रूप में हुई है।

पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि डकैती की साजिश में इनके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं। बिर्रा पुलिस ने मामले में BNS की धारा 310(4) और 310(5) के तहत कार्रवाई की है। पूछताछ और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी पांच आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire