CG Crime : रायगढ़ से चोरी, रायपुर में सौदा और बिलासपुर से बरामदगी, 300 CCTV फुटेज ने खोला ट्रेलर डाला चोरी का राज
10 दिन की जांच में पुलिस ने 3 आरोपियों को दबोचा, ₹4.30 लाख में बेचा था चोरी का डाला; ₹13 लाख का माल और वारदात में इस्तेमाल ₹8 लाख की कार जब्त

CG Crime : रायगढ़। रायगढ़ पुलिस ने ट्रेलर डाला चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की करीब 10 दिनों की लगातार पड़ताल, 300 से ज्यादा CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से चोरी का डाला बिलासपुर जिले से बरामद किया गया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल कार और आरोपियों के मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
रात में चोरी किया डाला, ट्रेलर के इंजन से जोड़कर ले गए
मामला रायगढ़ के कोतवाली थाना क्षेत्र का है। ट्रांसपोर्ट नगर, सारंगढ़ बस स्टैंड निवासी धीरज कुमार नवीन ने 2 अगस्त को शिकायत दर्ज कराई थी कि उनका ट्रेलर डाला सीएमओ तिराहा के पास सड़क किनारे खड़ा था। पुलिस के मुताबिक 27 जुलाई की रात करीब 2:30 बजे आरोपियों ने डाला चोरी किया और उसे अपने ट्रेलर के इंजन से जोड़कर रायपुर की ओर ले गए।
300 CCTV कैमरों की फुटेज बनी अहम कड़ी
मामले की जांच में पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे 300 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। रात के अंधेरे में चोरी किए गए वाहन की पहचान करना चुनौतीपूर्ण था, लेकिन फुटेज की कड़ियां जोड़ते हुए पुलिस को अहम सुराग मिला। फुटेज में चोरी का डाला ट्रेलर क्रमांक CG 13 AS 8857 के इंजन से जुड़ा दिखाई दिया। इसके आगे एक नीले रंग की कार CG 13 BA 7639 चल रही थी, जो चोरी के वाहन की पायलेटिंग कर रही थी।
हाईवे और टोल से बचने के लिए अपनाए कच्चे रास्ते
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने पहचान से बचने के लिए मुख्य हाईवे और टोल नाकों से दूरी बनाए रखी। चोरी का डाला लेकर वे बाईपास और कच्चे रास्तों से रायपुर पहुंचे। CCTV के जरिए पुलिस ने वाहनों की आवाजाही को रायपुर के कबीरनगर इलाके तक ट्रेस किया। इसके बाद RTO रिकॉर्ड की मदद से ट्रेलर मालिक की पहचान की गई।
पूछताछ में खुला पूरा राज
RTO रिकॉर्ड के आधार पर पुलिस ने जसविन्दर सिंह उर्फ राहुल को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में उसने अपने साथी पवनदीप सिंह और संदीप कुमार खत्री के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। तीनों ने कथित तौर पर चोरी के डाले को रायपुर ले जाकर 4.30 लाख रुपये में बेच दिया था।
बिलासपुर के बेलतरा से बरामद हुआ चोरी का डाला
पुलिस के अनुसार चोरी का डाला रायपुर निवासी हरचरण सिंह सरदार के कहने पर ग्राम बेलतरा, थाना रतनपुर, जिला बिलासपुर में इंजन सहित रखा गया था। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर चोरी का ट्रेलर डाला और इंजन बरामद कर लिया। बरामद माल की अनुमानित कीमत करीब 13 लाख रुपये बताई गई है।
8 लाख की कार भी जब्त
पुलिस ने चोरी के दौरान पायलेटिंग में इस्तेमाल नीले रंग की कार CG 13 BA 7639 भी जब्त की है। इसकी अनुमानित कीमत करीब 8 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा आरोपियों के मोबाइल फोन और मामले से जुड़े अन्य जरूरी साक्ष्य भी पुलिस ने कब्जे में लिए हैं।
तीन आरोपी गिरफ्तार, खरीदार फरार
पुलिस ने मामले में जसविन्दर सिंह उर्फ राहुल, पवनदीप सिंह और संदीप कुमार खत्री को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक तीनों आरोपी ड्रायवरी के काम से जुड़े हैं और उन्हें वाहनों व रास्तों की अच्छी जानकारी थी। चोरी का डाला खरीदने का आरोप जिस हरचरण सिंह सरदार पर है, वह फिलहाल फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।


