Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर

CG Crime : पति-पत्नी की संदिग्ध मौत से फैली सनसनी, बंद घर में मिले 3-4 दिन पुराने शव

लोरमी के नवलपुर गांव में घर के बाहर मिला ताला, दुर्गंध के बाद पड़ोसियों ने दी पुलिस को सूचना; हत्या की आशंका के बीच जांच जारी

CG Crime : पति-पत्नी की संदिग्ध मौत से फैली सनसनी, बंद घर में मिले 3-4 दिन पुराने शव
X

CG Crime : मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले के लोरमी थाना क्षेत्र के नवलपुर गांव में पति-पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। दोनों के शव घर के अंदर मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। शव करीब तीन से चार दिन पुराने बताए जा रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक, मकान से तेज दुर्गंध आने पर पड़ोसियों को संदेह हुआ और उन्होंने इसकी सूचना लोरमी थाना पुलिस को दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो घर के बाहर ताला लगा मिला। पुलिस ने ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां पति-पत्नी के शव बरामद हुए।

मृतकों की पहचान नंद कुमार कश्यप और उनकी पत्नी गौरी कश्यप के रूप में हुई है। घर के बाहर ताला लगा मिलने और शवों की स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रथम दृष्टया मामले को संदिग्ध मानकर जांच कर रही है। हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम और जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम और साइबर सेल को भी मौके पर बुलाया गया है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं, जबकि साइबर सेल तकनीकी पहलुओं की जांच कर रही है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि पति-पत्नी की मौत किन परिस्थितियों में हुई और घर के बाहर ताला किसने लगाया। घटना से जुड़े सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire