Top
Begin typing your search above and press enter to search.

CG Crime News : आयुष्मान कार्ड अपडेट के नाम पर ठगी का खुलासा, खुद को सरकारी अधिकारी बताने वाले तीन जालसाज गिरफ्तार

CG Crime News : आयुष्मान कार्ड अपडेट के नाम पर ठगी का खुलासा, खुद को सरकारी अधिकारी बताने वाले तीन जालसाज गिरफ्तार
X

CG Crime News : खैरागढ़। आयुष्मान भारत योजना का लाभ दिलाने के नाम पर ग्रामीणों से ठगी करने वाले तीन शातिर आरोपियों को खैरागढ़ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी खुद को कलेक्टर कार्यालय का अधिकारी बताकर गांव-गांव घूमते थे और आयुष्मान कार्ड अपडेट कराने के बहाने लोगों से पैसे वसूलते थे। पुलिस ने तीनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने सरकारी अधिकारी होने का झूठा परिचय देकर ग्रामीणों को भरोसे में लिया और प्रत्येक व्यक्ति से 50 रुपये लेकर आयुष्मान कार्ड अपडेट कराने का दावा किया। हालांकि, पैसे लेने के बाद न तो किसी का कार्ड अपडेट किया गया और न ही सरकारी योजना का कोई लाभ दिलाया गया। शिकायत मिलने के बाद खैरागढ़ थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

विवेचना के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर घटना में इस्तेमाल कंप्यूटर सेट और मोबाइल फोन जब्त किए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शम्मी सिंह ठाकुर उर्फ मोनू सिंह ठाकुर (भिलाई), शुभलायक सिंह ठाकुर (पटेवा, राजनांदगांव) और गोपी निषाद (पुलगांव, दुर्ग) के रूप में हुई है।

तीनों के खिलाफ थाना खैरागढ़ में अपराध क्रमांक 282/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 318(4), 319(2) और 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि आरोपियों ने खैरागढ़ के अलावा अन्य जिलों में भी इसी तरह लोगों को निशाना बनाया है या नहीं।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire