Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर

CG Crime News : 18.75 लाख की मोबाइल चोरी का खुलासा, CCTV से चंद घंटों में 4 आरोपी गिरफ्तार, 47 मोबाइल बरामद

CG Crime News : 18.75 लाख की मोबाइल चोरी का खुलासा, CCTV से चंद घंटों में 4 आरोपी गिरफ्तार, 47 मोबाइल बरामद
X

CG Crime News : जशपुर। जशपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र में मोबाइल दुकान में हुई 18.75 लाख रुपये की चोरी का पुलिस ने बेहद कम समय में खुलासा कर दिया। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी के 47 मोबाइल फोन, नकदी और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों में तीन विधि से संघर्षरत बालक (किशोर) भी शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, 21 और 22 जुलाई की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने बगीचा बस स्टैंड के पीछे स्थित कैपिटल मोबाइल शॉप का ताला तोड़कर दुकान में रखे 93 नए और पुराने मोबाइल फोन चोरी कर लिए थे। चोरी गए मोबाइलों की अनुमानित कीमत 18 लाख 75 हजार रुपये आंकी गई थी। दुकान संचालक जैद अली की शिकायत पर बगीचा थाना में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 331(4), 305(A) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का विश्लेषण किया। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने अभिषेक प्रजापति (19 वर्ष) निवासी डूमर टोली, बगीचा सहित तीन किशोरों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 10 लाख रुपये मूल्य के 47 मोबाइल फोन, 600 रुपये नकद तथा वारदात में इस्तेमाल की गई बिना नंबर की यामाहा MT मोटरसाइकिल भी जब्त की है। एक अन्य आरोपी की पहचान हो चुकी है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

गिरफ्तार किशोरों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश कर बाल संप्रेषण गृह भेज दिया गया है, जबकि बालिग आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी और बाकी चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए अभियान लगातार जारी है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire