Top
Begin typing your search above and press enter to search.

CG Crime : मोबाइल गिरवी रखने पर भड़का पति, लकड़ी के पट्टे से पीट-पीटकर पत्नी की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़ पुलिस ने 48 घंटे में सुलझाई ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी, झाड़ियों में बोरी से मिला था महिला का शव

CG Crime : मोबाइल गिरवी रखने पर भड़का पति, लकड़ी के पट्टे से पीट-पीटकर पत्नी की हत्या, आरोपी गिरफ्तार
X

CG Crime : रायगढ़। धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र में महिला की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने महज 48 घंटे में खुलासा कर दिया है। मस्जिदपारा में झाड़ियों के बीच बोरी से ढका मिला शव किसी और का नहीं, बल्कि अपने ही पति की हैवानियत का शिकार बनी 48 वर्षीय राजकुमारी चौहान का था। पुलिस ने हत्या के आरोप में पति मोहब्बत चौहान को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी का की-पैड मोबाइल उसकी पत्नी ने किसी के पास गिरवी रख दिया था। 12 जुलाई की रात जब पति ने मोबाइल के बारे में पूछा और पत्नी सही जवाब नहीं दे सकी, तो दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। गुस्से में आरोपी ने लकड़ी के चौड़े पट्टे से पत्नी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या के बाद आरोपी ने शव को प्लास्टिक की बोरी से ढककर मस्जिदपारा स्थित एक बाड़ी परिसर की झाड़ियों में फेंक दिया और फरार हो गया। अगले दिन स्थानीय बच्चों ने झाड़ियों में बोरी से ढका शव देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला के हाथ, पैर, शरीर और बाईं कनपटी पर गंभीर चोटों की पुष्टि हुई। चिकित्सकों ने अत्यधिक रक्तस्राव को मौत का कारण बताते हुए इसे हत्या का मामला बताया।

एसएसपी शशि मोहन के निर्देशन में धरमजयगढ़ पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और गवाहों के बयान के आधार पर आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया लकड़ी का पट्टा भी बरामद कर लिया गया।

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी मोहब्बत चौहान का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और वह पहले अपने ससुर की हत्या के मामले में भी जेल जा चुका है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire