Top
Begin typing your search above and press enter to search.

CG Crime : हाथी दांत तस्करी का भंडाफोड़, संयुक्त टीम ने तीन आरोपियों को दबोचा, भेजे गए जेल

CG Crime : हाथी दांत तस्करी का भंडाफोड़, संयुक्त टीम ने तीन आरोपियों को दबोचा, भेजे गए जेल
X

CG Crime : रायपुर। छत्तीसगढ़ में वन्यजीव तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत वन विभाग को बड़ी सफलता मिली है। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में संयुक्त कार्रवाई करते हुए हाथी दांत की तस्करी के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से हाथी के जबड़े के तीन दांत बरामद किए गए हैं। सभी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

वन विभाग के अनुसार, वन मंत्री केदार कश्यप के निर्देशन और वन मंडलाधिकारी आलोक वाजपेयी के मार्गदर्शन में 3 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो (भोपाल), राज्य उड़न दस्ता रायपुर और वनमंडल बलरामपुर की संयुक्त टीम ने रामानुजगंज स्थित एक धर्मशाला में छापेमारी की।

कार्रवाई के दौरान आमंत्रण धर्मशाला के कमरा नंबर 205 की तलाशी ली गई। जांच में एक बैग से हाथी के जबड़े के तीन दांत बरामद हुए। मौके पर मौजूद तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संतोष कुमार विश्वकर्मा (42) निवासी पलामू (झारखंड), अजय कुमार गुप्ता (49) और सतेन्द्र कुमार (50) निवासी बलरामपुर-रामानुजगंज के रूप में हुई है।

तीनों के खिलाफ वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। वन विभाग ने बताया कि भारतीय जंगली हाथी अनुसूची-1 में संरक्षित वन्यजीव है, इसलिए यह गंभीर वन अपराध की श्रेणी में आता है।

जब्त हाथी दांत को वन विभाग ने अपने कब्जे में लेकर आरोपियों को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, रामानुजगंज की अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire