Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर

CG Accident : तेज रफ्तार स्कूटी ऑक्सीजन सिलेंडर से भरी ट्रॉली से टकराई, दो महिलाओं समेत 4 की मौत

रायपुर जा रहा था परिवार, 8 वर्षीय बच्चा गंभीर, खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली बनी हादसे की वजह, चालक हिरासत में

CG Accident : तेज रफ्तार स्कूटी ऑक्सीजन सिलेंडर से भरी ट्रॉली से टकराई, दो महिलाओं समेत 4 की मौत
X

CG Accident : दुर्ग। जिले के कुम्हारी थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। दशमेश ढाबा के पास फोरलेन सड़क पर खड़ी ऑक्सीजन सिलेंडरों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से स्कूटी की तेज रफ्तार में भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि स्कूटी पर सवार पांच लोगों में से चार की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में दो महिलाएं और दो मासूम बच्चे शामिल हैं, जबकि एक 8 वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस के अनुसार, हादसा सुबह करीब 9:30 से 9:45 बजे के बीच हुआ। स्कूटी (CG 07 DE 5847) पर सवार सभी लोग भिलाई-3 के पास स्थित सोमनी गांव से रायपुर अपने मामा के घर जा रहे थे। रास्ते में कुम्हारी क्षेत्र के दशमेश ढाबा के पास सड़क किनारे खड़ी ऑक्सीजन सिलेंडरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली (CG 07 NA 0930) से स्कूटी पीछे से टकरा गई।

हादसे में अमृत निर्मलकर (28), उनकी छोटी बहन लक्ष्मी निर्मलकर (26), अमृत की बेटी याचना (7) और लक्ष्मी की बेटी मिष्ठी (4) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं भावेश निर्मलकर (8) गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल रायपुर एम्स में भर्ती कराया गया है।

छावनी सीएसपी प्रशांत सिंह पैकरा ने बताया कि सिरसा गेट अंडरब्रिज बंद होने के कारण परिवार वैकल्पिक मार्ग से रायपुर जा रहा था। इसी दौरान यह दर्दनाक हादसा हुआ। घटना के बाद पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया है और चालक भोला यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सुपेला स्थित लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल की मरच्यूरी भेज दिया गया है। इस हादसे के बाद एक बार फिर फोरलेन सड़क पर बेतरतीब ढंग से खड़े भारी वाहनों की लापरवाही पर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे खड़े वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire