Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर

CG Accident : यात्री बस और बोलेरो वाहन में हुई टक्कर, कई घायल, दो की हालत गंभीर

CG Accident : यात्री बस और बोलेरो वाहन में हुई टक्कर, कई घायल, दो की हालत गंभीर
X

CG Accident : कोरबा। जिले में सोमवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। कटघोरा थाना क्षेत्र के सेनानी पेट्रोल पंप के पास यात्रियों से भरी एक निजी बस और बोलेरो की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए, जबकि बोलेरो सवार दो लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में सड़क किनारे खड़े एक ट्रक को दुर्घटना का प्रमुख कारण माना जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक, यादव बस बिलासपुर से कोरबा की ओर जा रही थी। बस में करीब 30 से 35 यात्री सवार थे। इसी दौरान सेनानी पेट्रोल पंप के पास सड़क किनारे एक ट्रक अवैध रूप से खड़ा था। ट्रक की वजह से सड़क संकरी हो गई और सामने से आ रही बोलेरो को पर्याप्त जगह नहीं मिल सकी। देखते ही देखते दोनों वाहनों के बीच तेज टक्कर हो गई।

हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने राहत कार्य शुरू किया और घायलों को वाहनों से बाहर निकाला। दुर्घटना में बस के कई यात्रियों को चोटें आईं, जबकि बोलेरो में सवार दो लोगों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

सूचना मिलते ही कटघोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और 108 एंबुलेंस व निजी वाहनों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटघोरा पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने गंभीर रूप से घायल मरीजों की स्थिति को देखते हुए उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर करने की तैयारी शुरू कर दी है।

हादसे के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे कुछ समय तक यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा। बाद में पुलिस ने क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सामान्य कराया।

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है। सड़क पर अवैध रूप से खड़े ट्रक की भूमिका की जांच की जा रही है और ट्रक चालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि हादसे की पूरी तस्वीर सामने आ सके।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire