Top
Begin typing your search above and press enter to search.

CG Accident : शादी की खुशियां बदलीं मातम में, तेज रफ्तार कार बिजली के खंभे से टकराई, इंजीनियरिंग छात्रा की मौत, 5 घायल

CG Accident : शादी की खुशियां बदलीं मातम में, तेज रफ्तार कार बिजली के खंभे से टकराई, इंजीनियरिंग छात्रा की मौत, 5 घायल
X

CG Accident : बालोद। शादी की खुशियों से भरी घर वापसी की यात्रा कुछ ही पलों में दर्दनाक हादसे में बदल गई। बालोद जिले के दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बिजली के खंभे से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार 21 वर्षीय इंजीनियरिंग छात्रा शारदा पाटिल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परिवार के पांच अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, डौंडी नगर पंचायत के बंधियापारा निवासी रंजीत सिंह पाटिल अपने परिजनों के साथ ग्राम चिपरा में आयोजित पारिवारिक विवाह समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। रास्ते में हिंदू होटल के पास चालक का वाहन से नियंत्रण बिगड़ गया और कार सीधे बिजली के खंभे से जा भिड़ी। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया।

मृतक शारदा पाटिल बिलासपुर में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रही थीं। वह अपनी बुआ की शादी में शामिल होने विशेष रूप से घर आई थीं, लेकिन घर लौटने से पहले ही एक सड़क हादसे ने उनकी जिंदगी छीन ली। घटना के बाद पूरे परिवार में मातम छा गया।

सूचना मिलते ही डायल-112 और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire