CG ACB Action : पे-डेटा भेजने के बदले 1 लाख की रिश्वत लेते प्रभारी सिविल सर्जन गिरफ्तार

CG ACB Action : सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला अस्पताल के प्रभारी सिविल सर्जन डॉ. संतोष कुमार पटेल को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उन्होंने एक फार्मासिस्ट का वेतन संबंधी पे-डेटा आगे भेजने के बदले मोटी रकम की मांग की थी।
एसीबी के अनुसार, शिकायतकर्ता गंगा प्रसाद रत्नाकर, जो फार्मासिस्ट ग्रेड-2 हैं, ने बिलासपुर एसीबी यूनिट में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनकी मूल पदस्थापना सीएमएचओ कार्यालय, पोरथा (जिला सक्ती) में है, लेकिन फरवरी 2026 से वे जिला अस्पताल सक्ती में अटैचमेंट पर कार्यरत हैं। आरोप है कि मई और जून 2026 का पे-डेटा सीएमएचओ कार्यालय नहीं भेजा जा रहा था और इसके एवज में प्रभारी सिविल सर्जन फरवरी से जून तक के पांच महीनों के लिए प्रति माह 20 हजार रुपये, यानी कुल एक लाख रुपये की रिश्वत मांग रहे थे।
शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी ने ट्रैप की योजना बनाई। आरोपी ने शिकायतकर्ता को रिश्वत की रकम लेकर अपने डभरा स्थित अस्थायी निवास के पास बुलाया। तय योजना के अनुसार शिकायतकर्ता ने डभरा कॉलेज मोड़ के पास आरोपी को बुलाया, जहां वह वाहन में बैठकर जैसे ही रिश्वत की राशि लेने लगा, पहले से तैनात एसीबी टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।
एसीबी ने आरोपी के कब्जे से 1 लाख की रिश्वत राशि बरामद कर ली है। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है।


