Top
Begin typing your search above and press enter to search.

धान रोपाई के लिए जा रहे मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, दो की मौत, 6 घायल

धान रोपाई के लिए जा रहे मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, दो की मौत, 6 घायल
X

bilaspur-tractor-trolley-accident: बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के हिर्री थाना क्षेत्र अंतर्गत मुड़पार गांव में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए। सभी श्रमिक ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर गांव के एक किसान के खेत में धान रोपाई के लिए जा रहे थे। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह मुड़पार गांव के श्रमिक ट्रैक्टर-ट्रॉली से खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कच्ची सड़क पर ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया और वाहन अनियंत्रित होकर खेत में पलट गया। हादसे के बाद ट्रॉली में सवार कई श्रमिक उसके नीचे दब गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना के समय आसपास के खेतों में कार्य कर रहे ग्रामीण और अन्य श्रमिक तत्काल मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद ट्रॉली के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला। हालांकि, तब तक दो श्रमिकों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण भी घटनास्थल पर पहुंच गए।

सूचना मिलने पर हिर्री थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस की सहायता से अस्पताल भिजवाया, जहां उनका उपचार जारी है। मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire