Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर

CG News : नक्सल प्रभावित अबुझमाड़ के युवाओं ने देखी छत्तीसगढ़ विधानसभा की कार्यवाही, डिप्टी सीएम विजय शर्मा और मंत्री केदार कश्यप से की मुलाकात

CG News : नक्सल प्रभावित अबुझमाड़ के युवाओं ने देखी छत्तीसगढ़ विधानसभा की कार्यवाही, डिप्टी सीएम विजय शर्मा और मंत्री केदार कश्यप से की मुलाकात
X

CG News : रायपुर। नारायणपुर जिले के सुदूर और पूर्व नक्सल प्रभावित अबुझमाड़ क्षेत्र से आए 147 युवाओं ने आज नया रायपुर स्थित नवीन विधानसभा में सदन की कार्यवाही का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। स्वामी विवेकानंद युवा प्रोत्साहन योजना के तहत आयोजित इस भ्रमण में विशेष पिछड़ी जनजाति अबूझमाड़िया समुदाय के युवाओं ने लोकतंत्र के इस जीवंत मंदिर में शासन-प्रशासन की विधायी प्रक्रिया को करीब से समझा और जनप्रतिधियों की भूमिका को अनुभव किया।

CG News : प्रश्नकाल और चर्चा को देख युवाओं में बढ़ी जागरूकता

युवाओं ने विधानसभा पहुंचकर प्रश्नकाल, चर्चा और निर्णय प्रक्रिया को प्रत्यक्ष रूप से देखा। उन्हें विधायी प्रक्रिया, शासन व्यवस्था और जनहित में लिए जाने वाले निर्णयों की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकांश युवाओं ने पहली बार रायपुर शहर का भ्रमण किया, जो उनके लिए बेहद उत्साहजनक और नया अनुभव रहा। कुतुल, ओरछा, कलमानार, झारावाही, कोडकानार, मुरेहनार, गुमियाबेड़ा, मुरहानार और नेडनार जैसे अति संवेदनशील क्षेत्रों से आए ये युवा अब लोकतंत्र के प्रति अधिक जागरूक और उत्साहित नजर आए।

CG News : उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने की आत्मीय मुलाकात

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने युवाओं से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने युवाओं के अनुभव ध्यान से सुने और उन्हें प्रोत्साहित करते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती में युवाओं की सक्रिय भागीदारी बहुत जरूरी है। उन्होंने शिक्षा, जागरूकता और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। शर्मा ने कहा कि अति संवेदनशील क्षेत्रों से निकलकर नई सोच और संकल्प के साथ आगे बढ़ रहे ये युवा प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य के प्रतीक हैं। उन्होंने नक्सलवाद के खात्मे के साथ हो रहे विकास पर युवाओं के अनुभव जाने और उन्हें स्वसहायता समूहों तथा सहकारी समितियों से जुड़कर लघु वनोपजों का प्रसंस्करण कर आजीविका बढ़ाने की सलाह दी।

CG News : वन मंत्री केदार कश्यप ने भी युवाओं से की मुलाकात

वन मंत्री और नारायणपुर के स्थानीय विधायक केदार कश्यप ने भी अपने क्षेत्र के युवाओं से मुलाकात की। उन्होंने उनके भ्रमण के अनुभवों की जानकारी ली और क्षेत्र में विकास व सुविधाओं पर चर्चा की। युवाओं ने इसे जीवन का महत्वपूर्ण और प्रेरणादायी अवसर बताया।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire