Top
Begin typing your search above and press enter to search.

CG News : मायके जाने निकली महिला तीन बच्चों संग लापता, एक हफ्ते बाद भी कोई सुराग नहीं

पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द महिला और बच्चों को खोजने की मांग की है।

CG News : मायके जाने निकली महिला तीन बच्चों संग लापता, एक हफ्ते बाद भी कोई सुराग नहीं
X

CG News : बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले से एक महिला अपने तीन बच्चों के साथ रहस्यमयी तरीके से लापता हो गई है। पांडातराई थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 15 निवासी पुष्पनंदनी कार्निक अपने बच्चों के साथ इलाज के बहाने मायके बिलासपुर जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन सात दिन बीत जाने के बाद भी न तो वह अपने मायके पहुंची और न ही उसका कोई पता चल सका है।

महिला के पति बिसेन कार्निक (34) ने थाने में दर्ज शिकायत में बताया कि 2 फरवरी को दोपहर करीब 12 बजे उसकी पत्नी तबीयत खराब होने की बात कहकर तीन बच्चों के साथ शारदा बस से बिलासपुर के लिए रवाना हुई थी। शाम करीब 6 बजे जब संपर्क किया गया तो महिला के दोनों मोबाइल फोन बंद मिले। बाद में मायके पक्ष से बात करने पर पता चला कि वह वहां पहुंची ही नहीं।

परिजनों ने रात भर रिश्तेदारों, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। अगले दिन बस चालक से पूछताछ करने पर उसने महाराणा प्रताप चौक में महिला और बच्चों को उतारने की बात कही, इसके बाद से उनका कोई सुराग नहीं है।

लापता महिला के पति की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं पीड़ित पति का आरोप है कि पत्नी और बच्चों की तलाश में पुलिस गंभीरता नहीं दिखा रही है। उसने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द महिला और बच्चों को खोजने की मांग की है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire