Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर

CG News : छत्तीसगढ़ में बदला मौसम का मिजाज, कई जिलों में ओलावृष्टि, आकाशीय बिजली से युवक झुलसा

मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक प्रदेश के कई इलाकों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना भी जताई है।

CG News : छत्तीसगढ़ में बदला मौसम का मिजाज, कई जिलों में ओलावृष्टि, आकाशीय बिजली से युवक झुलसा
X

CG News : गरियाबंद। छत्तीसगढ़ में अचानक बदले मौसम ने लोगों को तेज गर्मी से राहत जरूर दी है, लेकिन किसानों की चिंता बढ़ा दी है। मंगलवार को गरियाबंद, धमतरी और सरगुजा समेत कई जिलों में तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। बेमौसम बारिश और तेज हवाओं से महुआ और आम की फसलों को भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक प्रदेश के कई इलाकों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना भी जताई है।

गरियाबंद जिले के सीनापाली गांव में आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक झुलस गया। जानकारी के अनुसार 35 वर्षीय गोविंद पटेल इमली के पेड़ के नीचे खड़े होकर मोबाइल देख रहा था। इसी दौरान अचानक पेड़ पर बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आने से उसकी पीठ का हिस्सा झुलस गया। हालांकि वह बड़ी दुर्घटना से बाल-बाल बच गया। घटना में इमली के पेड़ का एक बड़ा हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया।

घटना के बाद 108 एंबुलेंस की मदद से घायल युवक को देवभोग के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल के बीएमओ डॉ. प्रकाश साहू ने बताया कि युवक की पीठ का छोटा हिस्सा झुलसा है। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है, हालांकि अंदरूनी चोटों की जांच की जा रही है।

वहीं गरियाबंद जिले के छुरा क्षेत्र में रुवाड और बाघमार इलाके में जमकर ओले गिरे। पूरे दिन आसमान में काले बादल छाए रहे और तेज हवाएं चलती रहीं। गरियाबंद और देवभोग इलाके में भी रुक-रुक कर तेज बारिश दर्ज की गई।

अचानक बदले मौसम का सबसे ज्यादा असर किसानों पर पड़ा है। तेज हवाओं और ओलावृष्टि के कारण महुआ की करीब 30 प्रतिशत फसल प्रभावित होने की आशंका है। इसके अलावा आम के पेड़ों से फल और मौर झड़ने की खबरें भी सामने आई हैं, जिससे इस साल आम की पैदावार और बाजार में आवक पर असर पड़ सकता है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire