Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर

CG News : सफेद भालू के हमले से ग्रामीण घायल, इलाके में दहशत, देखने उमड़ी लोगों की भीड़, देखें वीडियो

स्थिति को संभालने के लिए वन विभाग और पुलिस को मौके पर पहुंचना पड़ा।

CG News : सफेद भालू के हमले से ग्रामीण घायल, इलाके में दहशत, देखने उमड़ी लोगों की भीड़, देखें वीडियो
X

CG News : गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। मरवाही वन मंडल के पेंड्रा वन परिक्षेत्र में मंगलवार को सफेद भालू के हमले से हड़कंप मच गया। घघरा डेम के पास एक ग्रामीण पर भालू ने अचानक हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। वहीं सफेद भालू के आबादी क्षेत्र में घूमने की खबर फैलते ही उसे देखने ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। स्थिति को संभालने के लिए वन विभाग और पुलिस को मौके पर पहुंचना पड़ा।

जानकारी के मुताबिक, आमाडाड गांव निवासी लालू ड्रावहर किसी काम से घघरा डेम की ओर जा रहा था। इसी दौरान जंगल से निकलकर आए सफेद भालू का अचानक उससे सामना हो गया। आमने-सामने होते ही भालू ने ग्रामीण पर हमला कर दिया। कुछ देर तक दोनों के बीच संघर्ष जैसी स्थिति बनी रही, लेकिन लालू ने हिम्मत दिखाते हुए किसी तरह अपनी जान बचा ली। हालांकि हमले में वह घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत अब खतरे से बाहर है। बताया जा रहा है कि पानी और भोजन की तलाश में भालू जंगल से निकलकर गांवों की ओर पहुंचा था। हमला करने के बाद वह घघरा से आमाडाड, बसंतपुर होते हुए नवागांव की तरफ बढ़ गया। सफेद भालू की मौजूदगी की खबर मिलते ही लोग बड़ी संख्या में उसे देखने पहुंचने लगे, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई।

वन विभाग और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को भालू से दूर रहने और सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की। अधिकारियों ने बताया कि भीषण गर्मी और जंगलों में पानी की कमी के कारण जंगली जानवर लगातार आबादी वाले इलाकों की ओर रुख कर रहे हैं। विभाग द्वारा भालू की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और ग्रामीणों से सतर्क रहने को कहा गया है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire