CG News : बीएलओ को धमकाने वाले युवक का हुआ वीडियो वायरल, पुलिस के हत्थे चढ़ा आरोपी...
वह कैम्प क्षेत्र के पूर्व पार्षद जोहन सिन्हा को भी देख लेने की धमकी दे रहा है।

CG News : दुर्ग। जिले के भिलाई शास्त्री नगर मिडिल स्कूल में एक सनकी युवक द्वारा महिला बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) को धमकाने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया। यह घटना उस वक्त की है जब युवक जितेंद्र यादव उर्फ जीतू ने स्कूल में घुसकर बीएलओ नीता ठाकुर को जान से मारने की धमकी दी थी। वीडियो में युवक नीता ठाकुर को धमकाते हुए नजर आ रहा है, साथ ही वह कैम्प क्षेत्र के पूर्व पार्षद जोहन सिन्हा को भी देख लेने की धमकी दे रहा है।
CG News : वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और युवक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक धारा के तहत कार्रवाई की। बताया जाता है कि नीता ठाकुर, जो निर्वाचन कार्य में लगी हुई थीं, ने इस घटना की शिकायत एसडीएम से की थी। उनके अनुसार, युवक का नाम तीन-चार महीने पहले मतदाता सूची से काटा गया था, जिसके कारण वह बीएलओ से नाराज था और यह धमकी दे रहा था। नीता ठाकुर ने बताया कि युवक का घर बिक चुका था और वह अब सुपेला में रहता है।
CG News : युवक की लगातार अनुपस्थिति के कारण उसका नाम मतदाता सूची से हटा दिया गया था। इस धमकी से निर्वाचन कार्य में लगे कर्मचारी भी डर में हैं और उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई जा रही है। पुलिस ने युवक को गिरफ्तार करने के बाद उसे उच्च न्यायालय में पेश किया और मामले की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए जांच जारी रखी है।


