Top
Begin typing your search above and press enter to search.

CG News : वेदांता चेयरमैन अनिल अग्रवाल के बेटे अग्निवेश का अमेरिका में निधन, खुद फेसबुक पर साझा किया टूटे दिल का संदेश

यह जानकारी खुद अनिल अग्रवाल ने फेसबुक पोस्ट के जरिए सार्वजनिक की, जिसे पढ़कर हर कोई भावुक हो उठा।

CG News : वेदांता चेयरमैन अनिल अग्रवाल के बेटे अग्निवेश का अमेरिका में निधन, खुद फेसबुक पर साझा किया टूटे दिल का संदेश
X

CG News : रायपुर। देश के प्रमुख उद्योगपति और वेदांता समूह के चेयरमैन अनिल अग्रवाल पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके बेटे अग्निवेश अग्रवाल (49 वर्ष) का अमेरिका में एक दर्दनाक दुर्घटना के बाद निधन हो गया। यह जानकारी खुद अनिल अग्रवाल ने फेसबुक पोस्ट के जरिए सार्वजनिक की, जिसे पढ़कर हर कोई भावुक हो उठा।

जानकारी के अनुसार, अग्निवेश अपने दोस्त के साथ अमेरिका में स्कीइंग के लिए गए थे। इसी दौरान पहाड़ पर हादसा हुआ, जिसमें वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें न्यूयॉर्क के माउंट सीनाई अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान अचानक कार्डियक अरेस्ट आने से उनका निधन हो गया।

अनिल अग्रवाल ने अपने पोस्ट में लिखा—

“आज मेरे जीवन का सबसे दर्दनाक दिन है। एक पिता के कंधे पर बेटे की अर्थी जाना, इससे बड़ा दुख क्या हो सकता है।” उन्होंने अग्निवेश के जीवन पर भी रोशनी डाली। बताया कि अग्निवेश ने मायो कॉलेज, अजमेर से पढ़ाई की थी। वे बॉक्सिंग चैंपियन, घुड़सवारी के शौकीन और एक बेहतरीन संगीतकार थे। बिजनेस की दुनिया में उन्होंने Fujeirah Gold जैसी सफल कंपनी खड़ी की और हिंदुस्तान जिंक के चेयरमैन भी रहे।

पोस्ट के अंत में अनिल अग्रवाल का भावनात्मक संदेश उद्योग जगत और समाज को झकझोर गया। उन्होंने लिखा कि वे और उनकी पत्नी किरण पूरी तरह टूट चुके हैं, लेकिन वेदांता में काम करने वाले हर कर्मचारी को वे अपने बेटे अग्निवेश के रूप में ही देखते हैं। उन्होंने यह भी दोहराया कि अग्निवेश से किया गया वादा— “कमाई का 75% से अधिक समाज सेवा में लगाने का” अब उनके जीवन का संकल्प रहेगा।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire