CG News : कुएं में सफाई करने उतरे चाचा-भतीजे की दम घुटने से मौत, गांव में पसरा मातम
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शवों को कुएं से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

CG News : मुंगेली। जिले के खेड़ा गांव में एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है, जहां कुएं की सफाई के दौरान जहरीली मिथेन गैस के रिसाव से चाचा-भतीजे की दम घुटने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शवों को कुएं से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बता दें कि खेड़ा गांव में एक पुराने कुएं में मोटरपंप के फुटवॉल्व में कचरा फंस गया था, जिसे साफ करने के लिए 35 वर्षीय पुरुषोत्तम निषाद कुएं में उतरे। कुएं के अंदर मौजूद मिथेन गैस की वजह से उनका दम घुटने लगा और वे बेहोश होकर गिर पड़े। उन्हें बचाने के लिए उनके चाचा, 50 वर्षीय दिनेश निषाद, बिना किसी सुरक्षा उपकरण के कुएं में उतरे, लेकिन वह भी जहरीली गैस की चपेट में आ गए।
दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मुंगेली पुलिस, जिला प्रशासन और स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (एसडीआरएफ) की टीम मौके पर पहुंची। एसडीआरएफ ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और दोनों शवों को कुएं से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।


