Top
Begin typing your search above and press enter to search.

CG News : दिनदहाड़े सराफा व्यापारी की हत्या से तनाव का माहौल, बाजार बंद, सड़क पर शव रखकर किया प्रदर्शन

घटना के बाद शहर में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।

CG News : दिनदहाड़े सराफा व्यापारी की हत्या से तनाव का माहौल, बाजार बंद, सड़क पर शव रखकर किया प्रदर्शन
X

CG News : गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। जिले के पेण्ड्रा में सराफा व्यापारी की गोली मारकर हत्या किए जाने के बाद पूरे इलाके में गुस्सा और दहशत का माहौल है। कोटमी साप्ताहिक बाजार में हुई इस सनसनीखेज वारदात के विरोध में व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने पेंड्रा बंद का आह्वान किया है। घटना के बाद शहर में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।

जानकारी के मुताबिक मंगलवार शाम बाजार खत्म होने के बाद व्यापारी अपना सामान समेटकर वाहन की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार बदमाश पहुंचे और व्यापारी का बैग छीनने की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपियों ने गोली चला दी, जिससे व्यापारी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद नाराज परिजन और स्थानीय लोग दुर्गा चौक पहुंचे और शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।

करीब तीन घंटे तक चले विरोध प्रदर्शन के दौरान व्यापारिक संगठनों और स्थानीय नागरिकों की भारी भीड़ जमा हो गई। हालात को संभालने के लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने बुधवार तक आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया, जिसके बाद शव को जिला अस्पताल में सुरक्षित रखवाया गया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अविनाश मिश्रा ने बताया कि वारदात में तीन हमलावर शामिल थे। पुलिस ने जिलेभर में नाकेबंदी कर दी है और सीसीटीवी फुटेज व तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। घटना के बाद व्यापारियों में भारी नाराजगी है। व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire