Top
Begin typing your search above and press enter to search.

CG News : दंपती की संदिग्ध मौत से फैली सनसनी, पत्नी की लाश फर्श पर और पति फंदे पर लटका मिला

गले पर निशान मिलने से पत्नी की हत्या की आशंका, पति की मौत प्रथमदृष्टया आत्महत्या, पुलिस कर रही जांच

CG News : दंपती की संदिग्ध मौत से फैली सनसनी, पत्नी की लाश फर्श पर और पति फंदे पर लटका मिला
X

CG News : दुर्ग। जिले के वैशाली नगर थाना क्षेत्र के वृंदा नगर में रविवार सुबह पति-पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में हड़कंप मच गया। घर के सामने वाले कमरे में पत्नी का शव जमीन पर पड़ा मिला, जबकि अंदर के कमरे में पति फांसी के फंदे पर लटका हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

मृतकों की पहचान जी. वेंकट रमन (55) और उनकी पत्नी जी. विद्यावती (52) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में पति की मौत आत्महत्या प्रतीत हो रही है, जबकि पत्नी के गले पर रस्सी से कसाव के निशान मिलने से हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

जानकारी के अनुसार रविवार सुबह घर में कोई हलचल नहीं होने पर मृतक की मां वहां पहुंची। उन्होंने देखा कि बहू विद्यावती सामने वाले कमरे में मृत अवस्था में पड़ी है। अंदर जाकर देखा तो बेटा वेंकट रमन फांसी के फंदे पर लटका हुआ था। इसके बाद परिवार और पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। हालांकि एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है, जिसका स्क्रीन लॉक है। पुलिस मोबाइल का लॉक खुलवाकर उसकी जांच करेगी, जिससे मामले से जुड़े अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।

भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि मृतक वेंकट रमन ऑटो चालक था और उसकी आर्थिक स्थिति भी अच्छी नहीं थी। दंपती का एक बेटा ओडिशा में काम करता है, जिसे घटना की सूचना दे दी गई है। वह भिलाई के लिए रवाना हो चुका है। फिलहाल वैशाली नगर थाना पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire