CG News : सेंट्रल जेल में हत्या के आरोपी की संदिग्ध मौत, न्यायिक जांच के आदेश
- Rohit banchhor
- 01 Nov, 2024
जेल अधीक्षक खोमेश मंडावी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि हार्ट अटैक के कारण उसकी मौत हुई होगी।
CG News : बिलासपुर। दीपावली की रात बिलासपुर सेंट्रल जेल में हत्या के मामले में सजा काट रहे कैदी बजरंग यादव 35 वर्ष की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। बजरंग, जूना बिलासपुर के कतियापारा का निवासी था और साल 2009 में एक हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहा था। बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात को अचानक उसे सीने में दर्द हुआ, जिसके बाद उसे जेल अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर सिम्स रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
CG News : बता दें कि जेल प्रशासन के अनुसार, रात में बजरंग की तबीयत अचानक बिगड़ने पर जेल कर्मी उसे जेल अस्पताल ले गए, जहां उसकी हालत गंभीर पाई गई और उसे सिम्स रेफर कर दिया गया। सिम्स में इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। जेल अधीक्षक खोमेश मंडावी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि हार्ट अटैक के कारण उसकी मौत हुई होगी।
CG News : कैदी की संदिग्ध मौत की सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस और कार्यपालिक मजिस्ट्रेट को सूचना दी गई। परिजनों की मौजूदगी में मजिस्ट्रेट के समक्ष डॉक्टरों की टीम द्वारा कैदी का पोस्टमॉर्टम कराया गया। जेल प्रशासन ने न्यायिक जांच की आवश्यकता को देखते हुए सत्र न्यायाधीश को पत्र लिखा है ताकि मानव अधिकार आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार जांच प्रक्रिया सुनिश्चित की जा सके। इस घटना की न्यायिक जांच में कैदी की मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा।
CG News : कैदी की पृष्ठभूमि-
बजरंग यादव पर 19 साल की उम्र में मोहल्ले में हुए विवाद के दौरान एक युवक की हत्या का आरोप था। इसके बाद 2009 में अपर सत्र न्यायाधीश ने उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी और तब से वह सेंट्रल जेल में सजा काट रहा था।

