Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर

CG News : नाकेबंदी देख तस्करों के छूटे पसीने, दो कारें छोड़कर भागे बदमाश, 565 किलो गांजा बरामद

तलाशी लेने पर वाहनों से 565 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 56 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है।

CG News : नाकेबंदी देख तस्करों के छूटे पसीने, दो कारें छोड़कर भागे बदमाश, 565 किलो गांजा बरामद
X

CG News : मनेंद्रगढ़। मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले में पुलिस ने नशे के कारोबार पर बड़ा प्रहार करते हुए करोड़ों के अवैध मादक पदार्थ की खेप जब्त की है। नागपुर चौकी क्षेत्र में की गई सघन नाकेबंदी के दौरान तस्कर पुलिस को देखकर इतने घबरा गए कि अपनी दोनों कारें सड़क किनारे छोड़कर जंगल की ओर भाग निकले। तलाशी लेने पर वाहनों से 565 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 56 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि क्षेत्र से होकर मादक पदार्थों की बड़ी खेप गुजरने वाली है। सूचना मिलते ही नागपुर चौकी पुलिस ने प्रमुख मार्गों पर नाकेबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी। इसी दौरान दो संदिग्ध कारें पुलिस बैरिकेडिंग की ओर बढ़ती दिखाई दीं। पुलिस बल को तैनात देखकर वाहन चालकों ने अपनी गाड़ियां रोक दीं और अंधेरे व सुनसान इलाके का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।

जब पुलिस ने दोनों लावारिस कारों की तलाशी ली तो अंदर का नजारा देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए। वाहनों में जगह-जगह गांजे के पैकेट छिपाकर रखे गए थे। वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में जब्त सामग्री का वजन कराया गया तो एक कार से 300 किलो और दूसरी से 265 किलो गांजा मिला। कुल 565 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त किया गया।

यह कार्रवाई जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की सबसे बड़ी सफलताओं में से एक मानी जा रही है। पुलिस ने गांजा और दोनों वाहनों को जब्त कर अज्ञात तस्करों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस अब वाहनों के रजिस्ट्रेशन, इंजन और चेसिस नंबर के आधार पर फरार तस्करों की पहचान करने में जुटी है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गांजे की यह खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे किस राज्य या जिले तक पहुंचाया जाना था।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire