Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर

CG News : 27 लाख के इनामी 6 कुख्यात नक्सली ढेर, मुठभेड़ के बाद नक्सलियों के शवों को कंधे पर लादकर लाए जवान

मारे गए नक्सलियों में 8-8 लाख के इनामी माओवादी कन्ना ऊर्फ बुचन्ना और उर्मिला भी शामिल हैं।

CG News : 27 लाख के इनामी 6 कुख्यात नक्सली ढेर, मुठभेड़ के बाद नक्सलियों के शवों को कंधे पर लादकर लाए जवान
X

CG News : बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले से नक्सल मोर्चे पर बड़ी खबर आई है। सुरक्षा बलों ने नेशनल पार्क क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में 27 लाख रुपए के इनामी 6 कुख्यात माओवादियों को ढेर कर दिया है। मारे गए नक्सलियों में 8-8 लाख के इनामी माओवादी कन्ना ऊर्फ बुचन्ना और उर्मिला भी शामिल हैं।

मुठभेड़ बीजापुर के कांदुलनार, कचलारम और गुज्जाकोंटा के जंगलों में हुई। माओवादियों की मौजूदगी की सूचना पर DRG बीजापुर, DRG दंतेवाड़ा और STF की संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। सुबह करीब 10 बजे दोनों ओर से फायरिंग हुई, जिसके जवाब में सुरक्षा बलों ने छह नक्सलियों को मार गिराया। मारे गए माओवादियों में मद्देड़ एरिया कमेटी का इंचार्ज कन्ना ऊर्फ बुचन्ना शामिल है, जो पिछले एक दशक से कई बड़ी नक्सली वारदातों का मास्टरमाइंड था।

उसके खिलाफ 42 आपराधिक मामले और 18 स्थाई वारंट दर्ज थे। वहीं, 8 लाख की इनामी माओवादी उर्मिला, जो पामेड़ एरिया कमेटी की सचिव और पापाराव की पत्नी थी, संगठन की लॉजिस्टिक सप्लाई और नेटवर्क संभालती थी। अन्य मारे गए नक्सलियों में 5 लाख का इनामी ACM जगत तामो ऊर्फ मोटू, तथा 2-2 लाख के इनामी माओवादी PM देवे, PM भगत और PM मंगली ओयाम शामिल हैं।

घटनास्थल से दो इंसास रायफल, एक 9mm कार्बाइन, .303 रायफल, 12 बोर बंदूक, हैंड ग्रेनेड, रेडियो, स्कैनर और माओवादी साहित्य बरामद किया गया है। इस ऑपरेशन की खास बात यह रही कि पहली बार महिला सुरक्षा कर्मियों ने नक्सलियों के शवों को कंधे पर उठाकर बाहर लाने का काम किया, जो एक नई मिसाल बनी।

बीजापुर पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेंद्र यादव ने बताया कि साल 2025 से अब तक जिले में 144 नक्सली मारे जा चुके हैं, 499 गिरफ्तार हुए और 560 ने आत्मसमर्पण किया है। वहीं आईजी बस्तर पी. सुन्दरराज ने कहा कि यह मुठभेड़ सुरक्षा बलों की बड़ी सफलता है और बस्तर में बचे हुए नक्सली ठिकानों को खत्म करने का अभियान अब और तेज़ किया जाएगा।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire