CG News : शिवराज सिंह चौहान ‘उल्टा पानी’ के चमत्कार से अभिभूत, बोले- छत्तीसगढ़ में प्रकृति का अनोखा नजारा
“जीवन में पहली बार देखा कि पानी नीचे से ऊपर की ओर बह रहा है। यह प्रकृति का अद्भुत चमत्कार है।”

CG News : रायपुर। केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मैनपाट के प्रसिद्ध ‘उल्टा पानी’ स्थल का भ्रमण कर प्रकृति के इस चमत्कार को नजदीक से अनुभव किया। भाजपा के सांसद-विधायक प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा लेने मैनपाट पहुंचे चौहान ने कागज की नाव तैराकर और पुलिस अधीक्षक की गाड़ी में बैठकर इस अनोखे दृश्य का आनंद लिया। उन्होंने कहा, “जीवन में पहली बार देखा कि पानी नीचे से ऊपर की ओर बह रहा है। यह प्रकृति का अद्भुत चमत्कार है।”
पर्यटन के लिए करेंगे प्रचार-
मीडिया से बातचीत में चौहान ने छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, “छत्तीसगढ़ प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण है, और उल्टा पानी इसका एक अनोखा उदाहरण है। इसके वैज्ञानिक कारणों की जांच जरूरी है, लेकिन यह निश्चित रूप से एक चमत्कार है। इस स्थल को विशेष रूप से विकसित और प्रचारित करने की जरूरत है ताकि पर्यटक इसे अपनी आंखों से देख सकें।” उन्होंने छत्तीसगढ़ सरकार के पर्यटन विकास के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
लखपति दीदी अभियान को मिलेगा बल-
उल्टा पानी स्थल पर चौहान ने स्व-सहायता समूह की महिलाओं से मुलाकात की और उनकी मेहनत को सराहा। उन्होंने कहा, “महिलाएं कठिन परिश्रम से आजीविका कमा रही हैं। हम ‘लखपति दीदी’ अभियान को और तेज करेंगे ताकि कोई आंसू न बहाए और किसी को हाथ न फैलाना पड़े। महतारी वंदन योजना के साथ-साथ यह अभियान भी छत्तीसगढ़ में महिलाओं को सशक्त बनाएगा।”
मोर आवास, मोर अधिकार-
गरीबों को मिलेंगे और मकान- ‘मोर आवास, मोर अधिकार’ योजना पर चर्चा करते हुए चौहान ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार ने 2018 की सूची में शामिल सभी पात्र लोगों को मकान उपलब्ध करा दिए हैं। उन्होंने आगे कहा, “आने वाले समय में नए सर्वे के आधार पर और पात्र लोगों को मकान दिए जाएंगे। छत्तीसगढ़ के गरीब भाई-बहनों को आवास की कमी नहीं होगी।”
उन्नत खेती के लिए वैज्ञानिक दृष्टिकोण-
कृषि मंत्री के रूप में अपनी जिम्मेदारी पर चौहान ने कहा कि छत्तीसगढ़ में उन्नत खेती की असीम संभावनाएं हैं। “हम वैज्ञानिकों की टीम के साथ मिलकर फसलों की पैदावार बढ़ाने और उपयोगी फसलों की पहचान करेंगे। मैदानी इलाकों की तुलना में यहां पैदावार कम है, इसे बढ़ाने के लिए ठोस कदम उठाएंगे।”
प्रशिक्षण शिविर: सांसद-विधायकों की दक्षता बढ़ेगी-
मैनपाट में आयोजित भाजपा प्रशिक्षण शिविर के महत्व को रेखांकित करते हुए चौहान ने कहा, “भाजपा कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों के लिए नियमित प्रशिक्षण आयोजित करती है। इस शिविर में सांसदों और विधायकों को आचरण, व्यवहार, और क्षेत्र में बेहतर कार्य करने की ट्रेनिंग दी जा रही है।” उन्होंने बताया कि सरकार की योजनाओं के प्रचार-प्रसार और वैचारिक-व्यावहारिक दक्षता पर फोकस किया जा रहा है, जिसका लाभ जनप्रतिनिधियों को मिलेगा।


