Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर

CG News : नारायणपुर के जंगल में सुरक्षा बलों ने गोला-बारूद का बड़ा जखीरा किया बरामद

नक्सलियों के छिपाए गए हथियारों और गोला-बारूद के बड़े जखीरे का पता लगाते हुए उसे जब्त कर लिया।

CG News : नारायणपुर के जंगल में सुरक्षा बलों ने गोला-बारूद का बड़ा जखीरा किया बरामद
X

CG News : नारायणपुर। बस्तर में नक्सलियों के खिलाफ जारी अभियान के बीच सुरक्षा बलों को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। नारायणपुर जिले के मसपुर-गुडरापाल जंगल क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन के दौरान जवानों ने नक्सलियों के छिपाए गए हथियारों और गोला-बारूद के बड़े जखीरे का पता लगाते हुए उसे जब्त कर लिया।

जानकारी के मुताबिक जिले में शांति और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस और बीएसएफ की 133वीं वाहिनी की ‘ई’ कंपनी द्वारा कैंप मसपुर के आसपास के जंगलों में विशेष सर्च अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान जवानों की नजर जंगल के भीतर एक संदिग्ध स्थान पर पड़ी। इलाके की घेराबंदी कर जब तलाशी ली गई तो वहां से नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए हथियार और अन्य सामग्री बरामद हुई।

बरामद सामग्री में एक देसी बीजीएल लॉन्चर, सात बीजीएल गन, एक 12 बोर राइफल और 37 जिंदा कारतूस शामिल हैं। इसके अलावा 15 मीटर वायर और पांच पोच भी जब्त किए गए हैं। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि इन हथियारों को नक्सलियों ने भविष्य में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए जंगल में छिपाकर रखा था।

प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि यह सामग्री काफी समय पहले जंगल में छिपाई गई थी। सुरक्षा बलों की सतर्कता और लगातार चलाए जा रहे सर्च ऑपरेशन के चलते नक्सलियों के इस गुप्त हथियार भंडार का खुलासा हो सका।

सुरक्षा अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में सर्च अभियान लगातार जारी रहेगा और नक्सल गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। हाल के महीनों में लगातार मिल रही सफलताओं से नक्सलियों के नेटवर्क और संसाधनों को बड़ा झटका लगा है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire