Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर

CG News : जंगलों में सुरक्षाबलों को मिली बड़ी सफलता, आईईडी, पाइप बम और भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद

घने जंगलों में संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाबलों ने कई शक्तिशाली विस्फोटक और नक्सलियों का बड़ा हथियार डंप बरामद किया है।

CG News : जंगलों में सुरक्षाबलों को मिली बड़ी सफलता, आईईडी, पाइप बम और भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद
X

CG News : दंतेवाड़ा। दक्षिण बस्तर के नक्सल प्रभावित क्षेत्र में सुरक्षाबलों ने एक बड़ी साजिश को नाकाम करते हुए नक्सल विरोधी अभियान में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। बारसूर थाना क्षेत्र के ग्राम तोड़मा के घने जंगलों में संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाबलों ने कई शक्तिशाली विस्फोटक और नक्सलियों का बड़ा हथियार डंप बरामद किया है।

जानकारी के अनुसार, 6 जून 2026 को मिली खुफिया सूचना के आधार पर सीआरपीएफ की 195वीं वाहिनी और दंतेवाड़ा जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने जंगल क्षेत्र में सर्चिंग अभियान शुरू किया। सुबह करीब 8ः40 बजे जवानों को संदिग्ध वस्तुएं दिखाई दीं, जिसके बाद तत्काल बम निरोधक दस्ते को मौके पर बुलाया गया।

जांच के दौरान दो प्रेशर कुकर आईईडी (प्रत्येक लगभग 5 लीटर क्षमता) और एक 10 किलो वजनी पाइप बम बरामद किया गया। बीडीएस टीम ने उच्च सतर्कता बरतते हुए सभी विस्फोटकों को मौके पर ही सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर नष्ट कर दिया। समय रहते की गई इस कार्रवाई से सुरक्षाबलों और स्थानीय नागरिकों को संभावित बड़े खतरे से बचा लिया गया।

सर्चिंग अभियान के दौरान नक्सलियों द्वारा जंगल में छिपाकर रखा गया एक बड़ा विस्फोटक एवं हथियार डंप भी बरामद हुआ। बरामद सामग्री में बीजीएल, .303 राइफल, एयर राइफल, विभिन्न मैगजीन और चार्जर, 128 इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, 48 गैर-विद्युत डेटोनेटर, शॉक वेव डेटोनेटर, कोर्डेक्स वायर, गन पाउडर, बैटरियां, इलेक्ट्रिक स्विच, वायरलेस सेट, दूरबीन, नक्सली वर्दियां और नक्सली साहित्य शामिल हैं।

यह पूरी कार्रवाई सीआरपीएफ के द्वितीय कमान अधिकारी विक्रांत वर्मा के मार्गदर्शन तथा सहायक कमांडेंट संजीव कुमार यादव के नेतृत्व में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। अभियान के बाद सभी जवान सुरक्षित लौट आए हैं। बरामद सामग्री के संबंध में जब्ती पंचनामा तैयार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire