Top
Begin typing your search above and press enter to search.

CG News : स्कूल परिसर बना स्टंट ग्राउंड, विदाई समारोह में ट्रैक्टर-कार से खतरनाक करतब, वीडियो वायरल

इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

CG News : स्कूल परिसर बना स्टंट ग्राउंड, विदाई समारोह में ट्रैक्टर-कार से खतरनाक करतब, वीडियो वायरल
X

CG News : बलौदाबाजार। जिले के कसडोल विकासखंड में स्कूलों के विदाई समारोह अब अनुशासन के बजाय जोखिम का कारण बनते जा रहे हैं। ताजा मामला ग्राम छेछर स्थित हाईस्कूल का है, जहां विदाई समारोह के दौरान छात्रों ने स्कूल परिसर में ट्रैक्टर और कार घुसाकर खतरनाक स्टंट किए। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

चौंकाने वाली बात यह है कि स्टंट के समय स्कूल परिसर में शिक्षक मौजूद थे, इसके बावजूद छात्रों की इन जानलेवा हरकतों को रोकने के लिए कोई सख्त कदम नहीं उठाया गया। इससे स्कूल प्रबंधन की गंभीर लापरवाही उजागर हुई है और ऐसा प्रतीत होता है कि अनुशासनहीनता पर आंखें मूंद ली गईं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि विदाई समारोह के नाम पर स्कूलों में नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं, जो कभी भी बड़े हादसे में बदल सकती हैं। गौरतलब है कि इससे पहले भी कसडोल क्षेत्र के कटगी में इसी तरह की स्टंटबाजी का वीडियो सामने आया था, जिस पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छात्रों पर 32 हजार रुपये का जुर्माना लगाया था।

इसके बावजूद एक बार फिर ऐसी घटना सामने आना स्कूल प्रशासन और कानून व्यवस्था दोनों पर सवाल खड़े करता है। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि प्रशासन और पुलिस मिलकर आगे ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए कितने सख्त नियम और दिशा-निर्देश लागू करते हैं।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire