CG News : पुलिस जवान ने फांसी लगाकर दी जान, जानें क्या है वजह...
इस घटना ने पुलिस महकमे और स्थानीय समुदाय में शोक की लहर दौड़ा दी है।

CG News : जगदलपुर। जिले के परपा थाना क्षेत्र में एक पुलिस जवान ने अपने सरकारी क्वार्टर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक जवान की पहचान संदीप बाकला 42 वर्ष के रूप में हुई है, जो लंबे समय से ट्रैफिक विभाग में तैनात था और हाल ही में उसका तबादला लोहंडीगुड़ा थाने में हुआ था। इस घटना ने पुलिस महकमे और स्थानीय समुदाय में शोक की लहर दौड़ा दी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह घटना गुरुवार सुबह परपा थाना के पीछे स्थित सरकारी पुलिस क्वार्टर में हुई। 42 वर्षीय संदीप बाकला अपने परिवार के साथ इस क्वार्टर में रहता था। सुबह वह अपने परिजनों से बातचीत कर रहा था, फिर अचानक किसी काम का हवाला देकर अपने कमरे में चला गया। कुछ देर बाद जब परिजनों ने उसे देखा, तो वह फंदे पर लटका हुआ मिला। परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद स्थानीय पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे।
शव को पोस्टमॉर्टम के लिए डिमरापाल मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। संदीप बाकला लंबे समय से जगदलपुर के ट्रैफिक विभाग में अपनी सेवाएं दे रहा था। हाल ही में पुलिस विभाग में हुए तबादलों के दौरान उसका ट्रांसफर लोहंडीगुड़ा थाने में किया गया था। हालांकि, सूत्रों के अनुसार, उसने अभी तक नई पोस्टिंग पर जॉइन नहीं किया था।
यह स्पष्ट नहीं है कि क्या ट्रांसफर का तनाव इस आत्महत्या का कारण था, क्योंकि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने परिजनों और सहकर्मियों से पूछताछ शुरू कर दी है ताकि आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा सके।


