CG News : दो माह के मासूम को छोड़ मां ने उठाया खौफनाक कदम, गांव में पसरा मातम
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना के हर पहलू को खंगाला जा रहा है।

CG News : धमतरी। जिले से एक बेहद भावुक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक नवविवाहिता मां ने अपने ही घर में फांसी लगाकर जान दे दी। मामला अर्जुनी थाना क्षेत्र के ग्राम मुजगहन का है, जहां गणेश्वरी नेताम नाम की महिला ने यह आत्मघाती कदम उठाया, जिससे पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
परिजनों के अनुसार, गणेश्वरी का विवाह करीब पांच साल पहले हुआ था और दो माह पूर्व ही ऑपरेशन के जरिए उन्होंने अपने पहले बच्चे को जन्म दिया था। डिलीवरी के बाद से ही वह लगातार स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही थीं और मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगी थीं। इसी तनाव के बीच उन्होंने यह दर्दनाक फैसला ले लिया।
इस घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। सबसे मार्मिक पहलू यह है कि दो माह का मासूम बच्चा अब मां के स्नेह से वंचित हो गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना के हर पहलू को खंगाला जा रहा है।


