Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर

CG News : बस्तर के जंगलों से निकल रहा ‘माओवादी खजाना’, सर्च ऑपरेशन में करोड़ों के कैश और सोना बरामद

सर्च ऑपरेशन के दौरान जवानों को ऐसे गुप्त डंप मिल रहे हैं, जहां करोड़ों रुपए नकद और सोना छिपाकर रखा गया था।

CG News : बस्तर के जंगलों से निकल रहा ‘माओवादी खजाना’, सर्च ऑपरेशन में करोड़ों के कैश और सोना बरामद
X

CG News : जगदलपुर। जगदलपुर समेत पूरे बस्तर संभाग में सुरक्षा बलों की लगातार कार्रवाई अब माओवादियों के आर्थिक नेटवर्क की परतें खोल रही है। जंगलों में चल रहे सर्च ऑपरेशन के दौरान जवानों को ऐसे गुप्त डंप मिल रहे हैं, जहां करोड़ों रुपए नकद और सोना छिपाकर रखा गया था।

सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक पिछले तीन महीनों में करीब 6 करोड़ 75 लाख रुपए नकद और लगभग 8 किलो सोना बरामद किया गया है। अधिकारियों का मानना है कि यह सिर्फ शुरुआत है और बस्तर के जंगलों में अब भी 50 करोड़ रुपए से ज्यादा की अवैध पूंजी छिपी हो सकती है।

आईजी सुंदरराज पी के अनुसार, माओवादी संगठन ने नोटबंदी के बाद अपनी रणनीति बदलते हुए नकदी के साथ-साथ सोने में भी भारी निवेश शुरू कर दिया था, ताकि पैसा सुरक्षित रखा जा सके। बरामद सोने की कीमत ही करीब 13 करोड़ रुपए बताई जा रही है।

जांच में सामने आया है कि यह रकम तेंदूपत्ता व्यापार, ठेकेदारों और विकास कार्यों से वसूली गई लेवी से जुटाई जाती थी। वर्षों से जंगलों में छिपाकर रखे गए ये डंप अब सुरक्षा बलों के सर्च ऑपरेशन में धीरे-धीरे सामने आ रहे हैं।

विशेषज्ञों का मानना है कि जैसे-जैसे माओवादी नेटवर्क कमजोर पड़ रहा है, वैसे-वैसे उसका आर्थिक साम्राज्य भी उजागर हो रहा है। फिलहाल सुरक्षा बलों का फोकस सिर्फ हथियारों पर नहीं, बल्कि उस फंडिंग सिस्टम को खत्म करने पर भी है, जो लंबे समय से माओवादी गतिविधियों की रीढ़ बना हुआ था।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire