Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर

CG News : चेकिंग के दौरान कार के गुप्त चेंबर से 9.17 करोड़ के जेवर बरामद, तीन लोग पकड़े गए

पुलिस ने मौके से तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

CG News : चेकिंग के दौरान कार के गुप्त चेंबर से 9.17 करोड़ के जेवर बरामद, तीन लोग पकड़े गए
X

CG News : महासमुंद। जिले में पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों रुपये के सोने के आभूषण जब्त किए हैं। सिंघोड़ा थाना क्षेत्र के रेहटीखोल नाका पर की गई इस कार्रवाई में एक लग्जरी कार के गुप्त चेंबर से 7.5 किलो से अधिक सोना बरामद हुआ है। पुलिस ने मौके से तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, एनएच-353 पर 17 मई 2026 को सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान ओडिशा की ओर से आ रही वोक्सवैगन वरटस कार क्रमांक GJ 03 NP 4230 को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान पुलिस को कार की पिछली सीट के नीचे बने विशेष चेंबर में छिपाए गए दो पीठू बैग मिले। बैग खोलने पर उसमें छह प्लास्टिक बॉक्स रखे थे, जिनमें भारी मात्रा में सोने के आभूषण छिपाकर रखे गए थे।

पुलिस जांच में कुल 7512.488 ग्राम सोने के आभूषण बरामद हुए, जिनकी अनुमानित कीमत 9 करोड़ 17 लाख 84 हजार 220 रुपये आंकी गई है। कार में सवार तीनों लोगों ने अपनी पहचान जयेश अकबरी, सुनीत कारेना और रूशी अग्रावत निवासी राजकोट, गुजरात के रूप में बताई है।

पुलिस ने जब आरोपियों से सोने के आभूषणों के वैध दस्तावेज मांगे, तो वे मौके पर कोई संतोषजनक कागजात पेश नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने बीएनएसएस की धारा 106 के तहत सोने के जेवर और करीब 10 लाख रुपये कीमत की कार को जब्त कर लिया। कुल जब्त संपत्ति की कीमत 9 करोड़ 27 लाख 84 हजार 220 रुपये बताई गई है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आयकर विभाग और राजस्व सूचना निदेशालय (DRI) छत्तीसगढ़ को भी सूचना भेज दी है। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इतनी बड़ी मात्रा में सोना कहां से लाया जा रहा था और इसका इस्तेमाल किस उद्देश्य के लिए किया जाना था।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire