Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर

CG News : पंडवानी महासम्मेलन में सीएम साय ने कहा- पंडवानी के जरिए छत्तीसगढ़ को मिली विश्व पहचान, कलाकारों का योगदान सराहनीय

हमारे पंडवानी कलाकारों ने न्यूयॉर्क, पेरिस और लंदन जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर महाभारत की कथाओं पर आधारित प्रस्तुतियों से लोगों को मंत्रमुग्ध किया है।

CG News : पंडवानी महासम्मेलन में सीएम साय ने कहा- पंडवानी के जरिए छत्तीसगढ़ को मिली विश्व पहचान, कलाकारों का योगदान सराहनीय
X

CG News : रायपुर। दुर्ग जिले के ग्राम मेड़ेसरा में आयोजित पंडवानी महासम्मेलन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि पंडवानी एक ऐसी अमूल्य विधा है, जिसके माध्यम से छत्तीसगढ़ को पूरी दुनिया में पहचान मिली है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे पंडवानी कलाकारों ने न्यूयॉर्क, पेरिस और लंदन जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर महाभारत की कथाओं पर आधारित प्रस्तुतियों से लोगों को मंत्रमुग्ध किया है।

उन्होंने पंडवानी की विश्वव्यापी सफलता का श्रेय कलाकारों के समर्पण और भारतीय संस्कृति के संरक्षण के प्रयासों को दिया। मुख्यमंत्री ने पंडवानी के पुरोधा स्वर्गीय झाड़ूराम देवांगन और महिला कलाकार स्वर्गीय लक्ष्मी बंजारे का स्मरण किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ का सौभाग्य है कि हमारे यहां तीजन बाई जैसी विभूतियां पैदा हुईं, जिन्हें पद्मश्री, पद्मभूषण और पद्मविभूषण पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री ने पंडवानी गायन में महिला कलाकारों की भूमिका को विशेष रूप से सराहा। उन्होंने कहा कि यह विधा स्त्री-पुरुष भेद से ऊपर उठकर कला और संवेदनशीलता का प्रतीक है। डॉ. उषा बारले ने अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुति से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ी लोककला और संस्कृति को सशक्त बनाने के लिए किए गए प्रयासों का जिक्र किया। उन्होंने कलाकारों की पेंशन राशि में वृद्धि, अवसरों में विस्तार और चित्रोत्पला फिल्म सिटी की स्थापना जैसे महत्वपूर्ण निर्णयों का उल्लेख किया।

सीएम ने कहा कि 1 नवंबर को प्रदेश की रजत जयंती मनाई जाएगी, जो छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति का महोत्सव होगी। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी रायपुर में उपस्थित होंगे। मुख्यमंत्री ने सभी से राज्योत्सव में भाग लेकर छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाने का आग्रह किया। उन्होंने शिक्षा क्षेत्र में भी बड़े निर्णयों की घोषणा की दृ 5000 शिक्षक पदों की भर्ती, नागरिक कल्याण महाविद्यालय में स्नातकोत्तर कक्षाओं का उद्घाटन, अछोटी में बीएड महाविद्यालय की स्थापना, मेड़ेसरा को आदर्श ग्राम बनाने के साथ ही पंचायतों में सीसी रोड निर्माण के लिए 20 लाख रुपए देने की घोषणा की।

कार्यक्रम के अध्यक्ष उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कलाकारों का अभिनंदन करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ कला और संस्कृति के लिए देश और दुनिया में विशिष्ट पहचान रखता है। कार्यक्रम की संयोजक पद्मडॉ. उषा बारले ने स्वागत उद्बोधन में महासम्मेलन और अंतर्राष्ट्रीय कलाकार दिवस के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। **कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, संभाग आयुक्त एसएन राठौर, आईजी आरजी गर्ग, कलेक्टर अभिजीत सिंह, एसएसपी विजय अग्रवाल, पंडवानी कलाकार और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire