CG News : पति-पत्नी ने लगाई फांसी, घर में मिले दोनों के शव, इलाके में फैली सनसनी
यह मामला पांडातराई थाना क्षेत्र के जंगलपुर गांव का है।

CG News : कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक दंपति के शव उनके ही घर में फांसी के फंदे पर लटके मिले। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और गांव में मातम का माहौल है। यह मामला पांडातराई थाना क्षेत्र के जंगलपुर गांव का है।
मृतकों की पहचान रामलाल चंद्रवंशी और रीना चंद्रवंशी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, दोनों ने करीब चार साल पहले घर से भागकर शादी की थी और साथ रह रहे थे। स्थानीय लोगों के मुताबिक, दोनों के शव घर के अंदर फंदे से लटके मिले, जिसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आसपास के लोगों व परिजनों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच जारी है।


