Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर

CG News : 5-स्टार होटलों का हाई-प्रोफाइल ठग पुलिस के हत्थे चढ़ा, 300 से ज्यादा होटलों को लगा चुका है करोड़ों का चूना

होटलों में विदेशी गाइड और योग शिक्षक बनकर करता था एंट्री, ऐश करने के बाद बिना बिल चुकाए हो जाता था फरार

CG News : 5-स्टार होटलों का हाई-प्रोफाइल ठग पुलिस के हत्थे चढ़ा, 300 से ज्यादा होटलों को लगा चुका है करोड़ों का चूना
X

CG News : रायपुर। रायपुर पुलिस ने एक ऐसे अंतरराज्यीय शातिर ठग को गिरफ्तार किया है, जिसने पिछले तीन दशकों में देशभर के 300 से अधिक फाइव स्टार होटलों को अपना निशाना बनाया। आरोपी आलीशान होटलों में विदेशी पर्यटकों का गाइड, अंग्रेजी शिक्षक और योग प्रशिक्षक बनकर ठहरता, कई दिनों तक होटल की सुविधाओं का आनंद लेता और फिर बिना बिल चुकाए कीमती सामान लेकर फरार हो जाता था।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान बिंगसन जॉन (69), निवासी तूतीकोरिन (तमिलनाडु) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ देश के 10 से अधिक राज्यों में ठगी और चोरी के कई मामले दर्ज हैं। वह करीब 15 वर्ष विभिन्न जेलों में रह चुका है, जिनमें दिल्ली की तिहाड़ जेल भी शामिल है।

रायपुर के होटल में किया था हाई-प्रोफाइल फ्रॉड-

मामला राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र स्थित एक फाइव स्टार होटल का है। आरोपी 25 जून 2026 को होटल में ठहरा था और 27 जून की सुबह बिना औपचारिक चेक-आउट किए होटल से निकल गया। वह होटल का 63,755 रुपये का बिल चुकाए बिना फरार हो गया। इतना ही नहीं, होटल प्रबंधन द्वारा विशेष अनुरोध पर उपलब्ध कराया गया करीब 1.48 लाख रुपये कीमत का लैपटॉप भी अपने साथ ले गया। जब होटल प्रबंधन ने आरोपी से संपर्क करने की कोशिश की तो उसके दोनों मोबाइल फोन बंद मिले। इसके बाद होटल प्रबंधन ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

तकनीकी जांच से 72 घंटे में गिरफ्तारी-

मामले की गंभीरता को देखते हुए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा तेलीबांधा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। मोबाइल लोकेशन और अन्य डिजिटल सुरागों के जरिए आरोपी का पता ओडिशा के भुवनेश्वर में चला, जहां पुलिस टीम ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

चार्ल्स शोभराज से था प्रभावित-

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह कुख्यात अपराधी चार्ल्स शोभराज से प्रभावित होकर इसी तरह की वारदातों को अंजाम देता था। उसने खुलासा किया कि वर्ष 1990 से अब तक वह देशभर के 300 से अधिक लग्जरी होटलों में ठगी कर चुका है। वर्ष 1996 में पहली बार तिहाड़ जेल गया था और जेल से रिहा होने के बाद उसका अगला निशाना हमेशा कोई फाइव स्टार होटल होता था।

लैपटॉप बरामद, अन्य मामलों की भी जांच-

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से होटल का चोरी हुआ लैपटॉप बरामद कर लिया है। उसके खिलाफ तेलीबांधा थाने में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही देशभर में उसके खिलाफ दर्ज पुराने मामलों की जानकारी भी जुटाई जा रही है, ताकि उसके अपराधों का पूरा रिकॉर्ड सामने लाया जा सके।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire