Top
Begin typing your search above and press enter to search.

CG News : परिवार को मैसेज कर कहा- आ रहा हूं घर, फिर होटल में फांसी के फंदे पर लटका मिला युवक

इस घटना ने न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे गांव को सदमे में डाल दिया है।

CG News : परिवार को मैसेज कर कहा- आ रहा हूं घर, फिर होटल में फांसी के फंदे पर लटका मिला युवक
X

CG News : गरियाबंद। मैनपुर ब्लॉक के अमलीपदर थाना क्षेत्र के घूमरा पदर गांव के 26 वर्षीय लोकेश सोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। रायपुर में एक कपड़ा व्यापारी के यहां वाहन चालक के रूप में काम करने वाला लोकेश कांकेर के एक होटल में फांसी के फंदे पर लटका पाया गया। इस घटना ने न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे गांव को सदमे में डाल दिया है।

बता दें कि लोकेश ने शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे अपने परिजनों को मैसेज भेजकर बताया था कि वह आज घर लौट रहा है। परिजन उसका इंतजार कर रहे थे, लेकिन दिन ढलने तक वह घर नहीं पहुंचा। इसके बाद खबर आई कि लोकेश कांकेर के होटल लेक व्यू के कमरे नंबर 213 में मृत अवस्था में पाया गया। बताया जा रहा है कि लोकेश अपने साथी कर्मचारियों के साथ कांकेर में कपड़ा व्यापारी की एक सेल में हिस्सा लेने गया था। उसने नहाने का हवाला देकर अपने साथियों से होटल में रुकने की बात कही थी।

जब वह काफी देर तक सेल में नहीं पहुंचा और उसका फोन भी बंद आने लगा, तो साथियों को चिंता हुई। उन्होंने होटल मैनेजर से संपर्क किया। मैनेजर ने कमरे का दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। होटल मैनेजर ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस की मौजूदगी में कमरे का दरवाजा तोड़ा गया, जहां लोकेश पंखे से लटका हुआ मिला। यह दृश्य देखकर मौके पर मौजूद सभी लोग स्तब्ध रह गए।

कपड़ा व्यापारी ने इस दुखद घटना की जानकारी लोकेश के परिजनों को दी, जिसके बाद गांव में मातम छा गया। लोकेश के इस कदम के पीछे की वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो सकी है। सुबह घर आने का मैसेज भेजने वाला युवक आखिर किन परिस्थितियों में इतना टूट गया कि उसने अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली, यह सवाल सबके मन में कौंध रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटना की जांच शुरू कर दी है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire