Top
Begin typing your search above and press enter to search.

CG News : महिला पंचायत सचिव की अधजली लाश मिली, मां ने लगाया हत्या का आरोप, शव लेने से किया इनकार

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मृतिका के पति को शव सौंप दिया है।

CG News : महिला पंचायत सचिव की अधजली लाश मिली, मां ने लगाया हत्या का आरोप, शव लेने से किया इनकार
X

CG News : कोरबा। जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में बुधवार 23 जुलाई को एक सनसनीखेज घटना ने पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया। महिला पंचायत सचिव सुषमा खुसरों 26 वर्ष की उनके घर में अधजली लाश मिलने से इलाके में दहशत फैल गई। मृतिका की मां ने इसे हत्या करार देते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं, जबकि सामाजिक दबाव के चलते उन्होंने बेटी का शव लेने से इनकार कर दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मृतिका के पति को शव सौंप दिया है।

बता दें कि बुधवार शाम को सुषमा के पति अनिमेष कुमार 27 वर्ष जो स्वयं भी पंचायत सचिव हैं, ने पुलिस को सूचना दी कि उनकी पत्नी ने घर के दरवाजे अंदर से बंद कर खुद को आग लगा ली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सुषमा की अधजली लाश को घर के फर्श पर पाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतिका सुषमा पोड़ी-उपरोड़ा ब्लॉक में पंचायत सचिव के पद पर कार्यरत थीं और डेढ़ साल पहले अनिमेष से प्रेम विवाह किया था, जिसकी जानकारी उनके परिवार को नहीं थी।

सुषमा की मां सोनकुंवर, जो ग्राम तेलसरा, पाली से कोरबा पहुंची थीं, ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी आत्महत्या नहीं कर सकती। उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सुषमा की हत्या की गई और सबूत मिटाने के लिए उसकी लाश को जलाने की कोशिश की गई। सोनकुंवर ने कहा, मेरी बेटी सीधी और सरल थी। हमें उसकी शादी की कोई जानकारी नहीं थी।

उन्होंने यह भी बताया कि सुषमा कटघोरा में रहकर नौकरी करती थी, लेकिन उसके विवाह की बात उन्हें उसकी मौत के बाद ही पता चली। कोरबा पुलिस के सीएपी भूषण एक्का ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि सुषमा की मौत आत्महत्या थी या हत्या। पुलिस मृतिका के पति अनिमेष से भी पूछताछ कर रही है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire