Top
Begin typing your search above and press enter to search.

CG News: मुंगेली में करोड़ों के धान की अफरातफरी के मामले में फूड अफसर सस्पेंड

CG News: मुंगेली में करोड़ों के धान की अफरातफरी के मामले में फूड अफसर सस्पेंड
X

CG News: रायपुर। मुंगेली जिले में एक दिन पहले ही धान खरीदी से जुड़े एक बड़े घोटाले का खुलासा किया गया है। यहां करीब 8 करोड़ रुपये की अनियमितता सामने आने के बाद धान खरीदी केंद्र प्रभारी और राइस मिलरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करते हुए कुल सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जांच में खुलासा हुआ है कि लंबे समय से मिलरों और केंद्र प्रभारियों द्वारा धान खरीदी और उठाव में गड़बड़ियां की जा रही थीं, जिन पर समय रहते निगरानी नहीं की गई। इसी के चलते मुंगेली जिले के खाद्य अधिकारी हुलेश डड़सेना को निलंबित कर दिया गया है।

CG News: धान खरीदी केंद्रों की व्यवस्था में गंभीर लापरवाही बरतने पर मुंगेली जिले के खाद्य अधिकारी हुलेश डड़सेना पर यह कार्रवाई की गई है। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के उप सचिव भागवत जायसवाल ने तत्काल प्रभाव से निलंबन का आदेश जारी किया है। सरकारी आदेश के अनुसार, जिला खाद्य अधिकारी पर धान खरीदी केंद्रों के संचालन में लापरवाही, मिलरों द्वारा धान उठाव की समुचित निगरानी न करने, धान परिवहन एवं उठाव की नियमित जांच में भारी चूक तथा खरीदी केंद्रों का समय-समय पर निरीक्षण नहीं करने जैसे गंभीर आरोप पाए गए हैं। जांच में यह भी सामने आया कि धान खरीदी केंद्रों से उठाए जाने वाले धान की गुणवत्ता और मात्रा की नियमित जांच नहीं की जा रही थी, जिससे अनियमितताओं को बढ़ावा मिला।

CG News: राज्य शासन ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी जैसे संवेदनशील कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियमों के उल्लंघन को गंभीर मानते हुए यह निलंबन किया गया है। निलंबन अवधि के दौरान हुलेश डड़सेना का मुख्यालय नवा रायपुर निर्धारित किया गया है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire