Top
Begin typing your search above and press enter to search.

CG News : शराब दुकान में डेढ़ करोड़ की हेराफेरी के मामले में आबकारी उपनिरीक्षक समेत 5 आरोपी गिरफ्तार

CG News : शराब दुकान में डेढ़ करोड़ की हेराफेरी के मामले में आबकारी उपनिरीक्षक समेत 5 आरोपी गिरफ्तार
X

बचेली। बस्तर के बचेली स्थित कम्पोजिट विदेशी मदिरा दुकान में वित्तीय अनियमितता का मामला सामने आया है, जिसमें पुलिस ने आबकारी उपनिरीक्षक समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि अप्रैल 2024 से आरोपियों ने लगभग 1.52 करोड़ रुपए की कथित गड़बड़ी की। गिरफ्तार आरोपियों में दुकान के चार कर्मचारी और आबकारी विभाग का एक उपनिरीक्षक शामिल हैं। सभी को न्यायिक रिमांड पर जिला जेल, दंतेवाड़ा भेज दिया गया है।

जिला आबकारी अधिकारी और जिला प्रबंधक, सीएसएमएल ने 26 नवंबर को बचेली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट के अनुसार, 25 नवंबर को दुकान के आकस्मिक निरीक्षण के दौरान स्टॉक और कैश मिलान में अंतर पाया गया, जिससे वित्तीय अनियमितता का पता चला। उच्च अधिकारियों के निर्देश पर थाना बचेली के प्रभारी निरीक्षक मधुनाथ ध्रुव के नेतृत्व में टीम बनाकर जांच शुरू की गई। पुलिस जांच के अनुसार, आरोपियों ने बिक्री की राशि को अपने निजी खातों में जमा करने के लिए क्यूआर कोड, फोनपे और गूगल पे का इस्तेमाल किया।

इसके साथ ही स्टॉक पंजी में बढ़ी हुई प्रविष्टियां दर्ज की गईं, जिससे डेढ़ करोड़ रुपए की राशि का कथित दुरुपयोग किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में दीपक यादव (हारमपारा, गीदम), के. चंद्रशेखर (कोटवारपारा, किरंदुल), देवेन्द्र पैकरा (सिंचाई कॉलोनी, गीदम), अंकित तिवारी (लालबाग, जगदलपुर) और आबकारी उपनिरीक्षक अजय शर्मा (गोविंदपुर, कांकेर) शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों से मोबाइल, लैपटॉप, बैंक पासबुक और 33,500 रुपए नकद जब्त किए हैं।

अधिकारियों ने बताया कि सभी आरोपियों को 28 और 29 नवंबर को गिरफ्तार कर कोर्ट से पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया था। रिमांड अवधि पूरी होने के बाद 1 दिसंबर को उन्हें न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, बचेली के समक्ष पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire