Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर

CG News : कोरबा में हाथियों का आतंक, आधी रात गांवों में घुसे, 3 घर तोड़े, फसलों को किया तबाह

अचानक हुए इस हमले से गांव में अफरा-तफरी मच गई।

CG News : कोरबा में हाथियों का आतंक, आधी रात गांवों में घुसे, 3 घर तोड़े, फसलों को किया तबाह
X

CG News : कोरबा। जिले के कटघोरा वनमंडल अंतर्गत जटगा रेंज में हाथियों का उत्पात लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात करीब 12 बजे चार हाथियों का दल पटेल पारा और धोबघट गांवों में घुस आया और जमकर तबाही मचाई।

हाथियों ने सबसे पहले पटेल पारा में किसान रामलाल के घर की दीवार तोड़ दी और घर में रखी धान की करीब 15 बोरियों को कुचलकर बर्बाद कर दिया। इसके बाद दल धोबघट गांव पहुंचा, जहां दो अन्य ग्रामीणों के मकानों को भी नुकसान पहुंचाया गया। अचानक हुए इस हमले से गांव में अफरा-तफरी मच गई।

ग्रामीणों ने शोर मचाकर और मशाल जलाकर किसी तरह हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ा। इस दौरान कई लोगों ने अपनी जान बचाने के लिए घर छोड़कर सुरक्षित जगहों पर शरण ली। ग्रामीण निर्मला यादव ने बताया कि हाथियों ने उनके बाड़ी में लगे पपीता, केला, गन्ना और अन्य सब्जियों को भी पूरी तरह नष्ट कर दिया।

वन विभाग के अनुसार, जटगा रेंज में पिछले कई महीनों से करीब 40 हाथियों का बड़ा दल सक्रिय है, जो दिन में जंगल में रहता है और रात में भोजन की तलाश में गांवों की ओर रुख करता है। लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है और उन्हें रातभर जागकर खेतों की रखवाली करनी पड़ रही है।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों ने बताया कि हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और गांवों में मुनादी कर लोगों को सतर्क किया जा रहा है। साथ ही प्रभावित परिवारों को नियमानुसार मुआवजा देने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire