CG News : छत्तीसगढ़ में मिला शिक्षा को नया आयाम, 108 स्कूलों को मिलेंगे नए भवन, 17 करोड़ से बदलेगी तस्वीर
जिला प्रशासन ने इस मांग को गंभीरता से लेते हुए शिक्षा की गुणवत्ता को बढ़ाने के लिए यह निर्णय लिया है।

CG News : रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ा कदम उठाते हुए कोरबा जिले के 108 शैक्षणिक संस्थानों के लिए नए भवनों के निर्माण को मंजूरी दी है। इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत 17 करोड़ 08 लाख 94 हजार रुपये की लागत से जर्जर भवनों को हटाकर आधुनिक और सुरक्षित स्कूल भवनों का निर्माण किया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ और समावेशी बनाने की दिशा में यह एक ऐतिहासिक पहल है, जो बच्चों के भविष्य को संवारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
जिला कलेक्टर अजीत वसंत ने जिला खनिज न्यास निधि (डीएमएफ) के तहत प्रथम चरण में सभी विकासखंडों के लिए भवन निर्माण की स्वीकृति दी है। उन्होंने विभिन्न विभागों को क्रियान्वयन एजेंसियां नियुक्त करने और कार्य को शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए हैं। इस योजना के तहत पाली, पोड़ी उपरोड़ा, कटघोरा, करतला, कोरबा और नगरीय क्षेत्र बांकीमोंगरा के प्राथमिक व माध्यमिक स्कूलों में नए भवन बनाए जाएंगे। प्रत्येक प्राथमिक विद्यालय के लिए 15 लाख से 15.65 लाख रुपये और माध्यमिक विद्यालयों के लिए 15.85 लाख से 16.60 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।
इस योजना के तहत पुराने और जर्जर भवनों को हटाकर आधुनिक सुविधाओं से युक्त स्कूल भवनों का निर्माण होगा, जिससे बच्चों को सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक माहौल मिलेगा। पाली विकासखंड में ग्राम पंचायत चोढ़ा के भदरापारा छिंदपानी, भादाकछार छिंदपानी, तालाबपारा, पोटापानी के बरहामुड़ा, भण्डारखोल के जरमौहा, लाफा के गोंदिलहापारा, कोरबी के झालापारा, बड़ेबांका के कटेलपारा में प्राथमिक शाला भवनों के लिए 15 लाख रुपये प्रति भवन स्वीकृत किए गए हैं। इसी तरह, कोरबी और नोनबिर्रा में माध्यमिक शाला भवनों के लिए 15.85 लाख और पोड़ी में पुराने भवन के विनिष्टीकरण सहित नए भवन के लिए 16.60 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है।
पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड में खिरटी, परला, सरभोका, मेरई, पसान, कोडगार, सैला, अडसरा, रानीअटारी, जटगा, साखो, मदनपुर, कटोरीनगोई, घुंचापुर, मोरगा, धजाक, मिसिया, सिंधिया, केन्दई, लेपरा, सिर्री, लैंगी, सुतर्रा, अमलडीहा जैसे क्षेत्रों में प्राथमिक और माध्यमिक शालाओं के लिए 15 लाख से 16.60 लाख रुपये तक की राशि स्वीकृत की गई है। कटघोरा में बाता, खैरभौना, बिरदा, छुरीखुर्द, कनबेरी, अरदा, कटसिरा जैसे क्षेत्रों में प्राथमिक और माध्यमिक शालाओं के लिए 15 लाख से 16.60 लाख रुपये, करतला में तुमान, बीरतराई, खरवानी, सुपातराई, फुलझर, औराई, मुकुन्दपुर, रोगदा,
पंचपेड़ी, तरदा, कोटमेर, घाठाद्वारी, दमखांचा, जामपानी जैसे क्षेत्रों में 15.65 लाख से 16.60 लाख रुपये, कोरबा में तौलीपाली, बासीन, जामबहार, बेला, चाकामार, तिलईडाड़ में 15 लाख से 16.60 लाख रुपये, और बांकीमोंगरा में उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों के लिए 18.32 लाख रुपये प्रति भवन स्वीकृत किए गए हैं। यह स्वीकृति उन क्षेत्रों में दी गई है, जहां लंबे समय से स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्रामीण और पालक जर्जर भवनों को हटाकर नए स्कूल भवनों की मांग कर रहे थे। जिला प्रशासन ने इस मांग को गंभीरता से लेते हुए शिक्षा की गुणवत्ता को बढ़ाने के लिए यह निर्णय लिया है।


