Top
Begin typing your search above and press enter to search.

CG News : डीजल चोर गैंग का भंडाफोड़, 11 आरोपी गिरफ्तार, स्कॉर्पियो और मिनी टैंकर जब्त

पुलिस ने चोरी के डीजल के परिवहन और बिक्री में इस्तेमाल किए जा रहे वाहन व उपकरण भी जब्त किए हैं।

CG News : डीजल चोर गैंग का भंडाफोड़, 11 आरोपी गिरफ्तार, स्कॉर्पियो और मिनी टैंकर जब्त
X

CG News : बालोद। जिले में लगातार हो रही डीजल चोरी की घटनाओं पर आखिरकार पुलिस ने बड़ा शिकंजा कस दिया है। बालोद पुलिस ने जिले के अब तक के सबसे बड़े डीजल चोरी मामले का खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय गिरोह के 11 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने चोरी के डीजल के परिवहन और बिक्री में इस्तेमाल किए जा रहे वाहन व उपकरण भी जब्त किए हैं।

पुलिस के अनुसार गिरोह पहले सड़क किनारे खड़े ट्रकों और अन्य भारी वाहनों को निशाना बनाता था। आरोपी वाहनों से डीजल निकालकर उसे विशेष कंटेनरों और मिनी टैंकर में भरते थे, फिर कम कीमत पर ग्राहकों को बेच देते थे। गिरोह की गतिविधियां केवल बालोद तक सीमित नहीं थीं, बल्कि आसपास के अन्य जिलों में भी सक्रिय होने की आशंका जताई जा रही है।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो स्कॉर्पियो वाहन, 40 से अधिक गैलन तथा एक छोटा डीजल टैंकर (ब्राउजर) जब्त किया है। जांच में सामने आया है कि इन्हीं साधनों का उपयोग चोरी किए गए डीजल को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने के लिए किया जाता था।

पुलिस ने पहले दो संदिग्धों को हिरासत में लिया था। उनसे मिली जानकारी के आधार पर आगे की कार्रवाई करते हुए नौ अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए आरोपियों में दो आरोपी छत्तीसगढ़ और सात आरोपी मध्यप्रदेश के निवासी बताए जा रहे हैं। शेष आरोपियों से भी पूछताछ जारी है।

लगातार मिल रही शिकायतों के बाद बालोद पुलिस ने विशेष टीमों का गठन कर निगरानी और गुप्त जांच शुरू की थी। इसी रणनीति के तहत पुलिस को गिरोह तक पहुंचने और पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने में सफलता मिली।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह कितने समय से सक्रिय था, किन-किन क्षेत्रों में चोरी की वारदातों को अंजाम देता था और चोरी का डीजल किन लोगों को बेचा जाता था। मामले में आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना भी जताई जा रही है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire