CG News : आसमान से बरसा कहर, जंगल से लौट रहे मजदूरों पर गिरी आकाशीय बिजली, बुजुर्ग की मौत, तीन घायल...
यह हृदयविदारक घटना उस समय हुई, जब बारिश से बचने के लिए मजदूर पेड़ के नीचे रुके थे।

CG News : बालोद। जिले में मंगलवार शाम को मौसम ने कहर बरपाया। कोतवाली थाना क्षेत्र के तांदुला डुबान इलाके में जंगल से काम कर लौट रहे चार मजदूरों पर आकाशीय बिजली गिरने से एक बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हृदयविदारक घटना उस समय हुई, जब बारिश से बचने के लिए मजदूर पेड़ के नीचे रुके थे।
CG News : प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तांदुला डुबान क्षेत्र में जंगल में रोजी-रोटी के लिए काम कर रहे मजदूर शाम को अपने घर लौट रहे थे। अचानक मौसम बिगड़ा और तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए चार मजदूर एक पेड़ के नीचे रुक गए। इसी दौरान आकाशीय बिजली गिरी, जिसकी चपेट में आने से एक बुजुर्ग मजदूर की मौके पर मौत हो गई, जबकि तीन अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।
CG News : घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, और उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।


