Top
Begin typing your search above and press enter to search.

CG News : डिप्टी सीएम साव ने ली अधिकारियों की समीक्षा बैठक, कहा- काम में लापरवाही बर्दाश्त नहीं...

कार्यों में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी कार्य समयबद्ध तरीके से उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं।

CG News : डिप्टी सीएम साव ने ली अधिकारियों की समीक्षा बैठक, कहा- काम में लापरवाही बर्दाश्त नहीं...
X

CG News : रायपुर। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बालोद जिले के एक दिवसीय दौरे के दौरान नगरीय प्रशासन, लोक निर्माण (पीडब्ल्यूडी) और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) विभागों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कार्यों में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी कार्य समयबद्ध तरीके से उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं।

CG News : बालोद कलेक्टोरेट में आयोजित बैठक में साव ने गर्मी के मौसम में पेयजल और निस्तारी जल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए। उन्होंने पीएचई और नगरीय प्रशासन विभाग के अधिकारियों को पानी की समस्या के समाधान के लिए पूर्वानुमान के आधार पर समय से पहले व्यवस्था करने को कहा। साथ ही, जिले के सभी नगरीय निकायों में साफ-सफाई, सार्वजनिक शौचालयों की स्थिति, 15वें वित्त आयोग के कार्यों और अटल परिसरों की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली।

CG News : साव ने बालोद नगर पालिका के अधिकारियों को जिला मुख्यालय के अनुरूप बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने और सिटी डेव्हलपमेंट प्लान को शहरवासियों की अपेक्षाओं के अनुरूप तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने सुशासन तिहार के तहत प्राप्त आवेदनों के समयबद्ध निराकरण पर जोर दिया और मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को सुबह नगर भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेने को कहा। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा में साव ने खराब हैंडपंप वाले गांवों में वैकल्पिक जल व्यवस्था करने और पेयजल समस्याओं के लिए अग्रिम उपाय करने के निर्देश दिए।

CG News : उन्होंने बताया कि बालोद जिले में पेयजल आपूर्ति के लिए 70 नए ट्यूबवेल स्वीकृत किए गए हैं। लोक निर्माण विभाग के कार्यों की समीक्षा में उन्होंने सभी निर्माण कार्यों को समय पर और शत-प्रतिशत गुणवत्ता के साथ पूरा करने की हिदायत दी। साव ने अधिकारियों से निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी के साथ काम करने को कहा ताकि शासन-प्रशासन की अच्छी छवि बने और नागरिकों में विश्वास बढ़े।

CG News : बैठक में सांसद भोजराज नाग, कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल सहित जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। इस बैठक ने अधिकारियों में कार्यप्रणाली में सुधार और जवाबदेही बढ़ाने का संदेश दिया।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire