Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर

CG News: बागबाहरा में शिक्षक पर जानलेवा हमला, छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन ने की कड़ी कार्रवाई की मांग, थाना घेराव की दी चेतावनी

CG News: बागबाहरा में शिक्षक पर जानलेवा हमला, छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन ने की कड़ी कार्रवाई की मांग, थाना घेराव की दी चेतावनी
X

CG News: बागबाहरा। छत्तीसगढ़ के बागबाहरा विकासखंड के शासकीय प्राथमिक शाला डोंगा खम्हरिया में हाल ही में युक्तियुक्तकरण के तहत नियुक्त शिक्षक डेमन सिंह ध्रुव पर ग्रामीण यादो राम साहू ने डंडे से जानलेवा हमला किया। हमलावर ने शिक्षक को अधमरा करने तक ताबड़तोड़ प्रहार किए, जिससे शिक्षक लहूलुहान हो गए। हमले के दौरान शिक्षक का हेलमेट उनकी जान बचाने में सहायक सिद्ध हुआ, अन्यथा घटना और भी गंभीर हो सकती थी।

छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन, बागबाहरा ब्लॉक इकाई के अध्यक्ष विनोद यादव ने कोमाखान पुलिस से मांग की है कि हमलावर यादो राम साहू के खिलाफ गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि स्कूलों में शिक्षकों और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना जरूरी है, अन्यथा भयमुक्त और सौहार्दपूर्ण माहौल बनाना असंभव होगा, जिससे शिक्षा कार्य प्रभावित होगा।

एसोसिएशन ने सामुदायिक सहभागिता पर जोर देते हुए पालक समिति, शाला प्रबंधन समिति, जनप्रतिनिधियों और प्रबुद्ध नागरिकों से स्कूल परिसर को शांतिपूर्ण और गरिमामय बनाए रखने में सहयोग की अपील की। जिलाध्यक्ष नारायण चौधरी, प्रदेश प्रचारमंत्री केशवराम साहू, जिला संयोजक लालजी साहू, जिला सचिव नंदकुमार साहू, ब्लॉक सचिव मनीष अवसरिया, कोषाध्यक्ष देवेंद्र चंद्राकर, महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष दमयंती कौशिक, विद्याप्रसाद चंद्राकर, लखन साहू, प्राचार्य मदन पटेल, संकुल समन्वयक अनिल पटेल, घनश्याम चक्रधारी, सौरभ मेहरकुरे, राजेंद्र पांडे और लुभान दीवान ने चेतावनी दी कि यदि हमलावर के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो एसोसिएशन कोमाखान थाने का घेराव करने को बाध्य होगा। इसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire