CG News : नक्सलियों की कायराना हरकत, मोटरसाइकिल में लगाई आग, छोड़ा पर्चा
पुलिस ने इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है और संदिग्धों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है।

CG News : नारायणपुर। जिले के करलाखा क्षेत्र के डिबरी पारा में बीती रात नक्सलियों ने एक बार फिर अपनी कायराना हरकत को अंजाम दिया। अज्ञात नक्सलियों ने एक परिवार के घर में घुसकर बाहर खड़ी मोटरसाइकिल को आग के हवाले कर दिया और मौके पर एक नक्सली पर्चा फेंककर फरार हो गए। इस घटना ने इलाके में दहशत फैला दी है।
बता दें कि प्रभावित परिवार के कुछ सदस्य पुलिस विभाग में कार्यरत हैं, जिसे नक्सलियों ने अपना निशाना बनाया। परिवार का कहना है कि यह हमला आपसी दुश्मनी का परिणाम भी हो सकता है। घटना की सूचना मिलते ही परिवार ने तत्काल भरंडा थाना पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और नक्सली पर्चे को कब्जे में लेकर मामले की तहकीकात कर रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, नक्सलियों ने पर्चे में पुलिस और प्रशासन के खिलाफ भड़काऊ बातें लिखी हैं। पुलिस ने इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है और संदिग्धों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है।


