Top
Begin typing your search above and press enter to search.

CG News : देश का पहला डिजिटल आदिवासी स्वतंत्रता संग्राम संग्रहालय तैयार, PM मोदी करेंगे उद्घाटन

CG News : देश का पहला डिजिटल आदिवासी स्वतंत्रता संग्राम संग्रहालय तैयार, PM मोदी करेंगे उद्घाटन
X

CG News : रायपुर। छत्तीसगढ़ के नवा रायपुर में शहीद वीर नारायण सिंह स्मारक सह आदिवासी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय अपने अंतिम चरण में है और जल्द ही जनता के लिए खुलने को तैयार है। यह देश का पहला पूरी तरह डिजिटल संग्रहालय होगा, जो छत्तीसगढ़ के आदिवासी स्वतंत्रता सेनानियों के शौर्य और बलिदान की गाथा को जीवंत रूप में प्रस्तुत करेगा। संग्रहालय का निर्माण आदिम जाति अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान (TRTI) परिसर में किया गया है।

CG News : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित छत्तीसगढ़ दौरे के दौरान, जो राज्योत्सव के अवसर पर होगा, इस संग्रहालय का उद्घाटन किया जाएगा। इसकी तैयारियों की समीक्षा के लिए प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने निर्माण कार्यों का जायजा लिया और 30 सितंबर तक सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने संग्रहालय में भगवान बिरसा मुंडा और रानी गाइडल्यू की मूर्तियां स्थापित करने, फर्श पर जनजातीय कलाकृतियों को उकेरने, और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश भी दिए। इस बैठक में आयुक्त डॉ. सारांश मित्तर, छत्तीसगढ़ राज्य अंत्यावसायी निगम के संचालक डॉ. जगदीश कुमार सोनकर, TRTI संचालक हीना अनिमेष नेताम सहित अन्य अधिकारी और निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि मौजूद थे।

CG News : यह संग्रहालय छत्तीसगढ़ के स्वतंत्रता संग्राम के दौरान हुए प्रमुख आदिवासी विद्रोहों जैसे हल्बा, सरगुजा, भोपालपट्टनम, परलकोट, तारापुर, लिंगागिरी, कोई, मेरिया, मुरिया, रानी चौरिस, भूमकाल, सोनाखान, झण्डा सत्याग्रह और जंगल सत्याग्रह की गौरव गाथाओं को डिजिटल स्क्रीनों के माध्यम से जीवंत करेगा। आगंतुक इन विद्रोहों और उनके नायकों के शौर्य को हिंदी और अंग्रेजी में देख और समझ सकेंगे। इसके लिए क्यूआर कोड स्कैन की सुविधा भी उपलब्ध होगी, जिससे मोबाइल फोन के जरिए जानकारी प्राप्त की जा सकेगी।

CG News : संग्रहालय में आगंतुकों के लिए कॉफी टेबल बुक, सेल्फी पॉइंट, और वरिष्ठ नागरिकों व दिव्यांगजनों के लिए विशेष सुविधाएं भी होंगी। यह संग्रहालय न केवल छत्तीसगढ़ के गौरवशाली इतिहास को प्रदर्शित करेगा, बल्कि देश के स्वतंत्रता संग्राम में आदिवासी समुदायों के योगदान को राष्ट्रीय मंच पर उजागर करेगा।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire